गर्मी की छुट्टियों में बढ़ी भीड़, रेलवे ने चलाई अतिरिक्त एक तरफा स्पेशल ट्रेनें

जयपुर। ग्रीष्मावकाश के दौरान बढ़ने वाले यात्री यातायात को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक तरफा स्पेशल रेलसेवाओं का संचालन करने का निर्णय लिया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि भुज, राजकोट और साबरमती से कोलकाता/हावड़ा के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 09401 भुज-कोलकाता एक तरफा स्पेशल दिनांक 30 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को भुज से 15.30 बजे रवाना होकर शुक्रवार को जयपुर स्टेशन पर 05.15 बजे पहुंचेगी तथा 05.25 बजे आगे रवाना होगी। यह ट्रेन शनिवार को 15.10 बजे कोलकाता पहुंचेगी। ट्रेन मार्ग में गांधीधाम, पालनपुर, आबूरोड, अजमेर, जयपुर सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस ट्रेन में 09 शयनयान, 07 साधारण, 01 कुर्सीयान और 02 गार्ड कोच लगाए जाएंगे।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09501 राजकोट-कोलकाता एक तरफा स्पेशल दिनांक 30 अप्रैल 2026 को राजकोट से 17.00 बजे रवाना होकर शुक्रवार को जयपुर स्टेशन पर 07.07 बजे पहुंचेगी तथा 07.17 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन शनिवार को 17.10 बजे कोलकाता पहुंचेगी। इस रेलसेवा में 10 शयनयान, 07 साधारण और 02 गार्ड कोच होंगे।

वहीं गाड़ी संख्या 09403 साबरमती-हावड़ा एक तरफा स्पेशल दिनांक 01 मई 2026 (शुक्रवार) को साबरमती से 18.00 बजे रवाना होकर शनिवार को जयपुर स्टेशन पर 04.20 बजे पहुंचेगी तथा 04.30 बजे आगे रवाना होगी। यह ट्रेन रविवार को 15.30 बजे हावड़ा पहुंचेगी। इस ट्रेन में 11 शयनयान, 04 साधारण, 01 कुर्सीयान और 02 गार्ड कोच रहेंगे।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व ट्रेन के समय, ठहराव एवं उपलब्धता की जानकारी प्राप्त कर यात्रा करें।