अजमेर-पालनपुर रेलखंड पर आरसीसी बॉक्स लॉन्चिंग कार्य, कई ट्रेनें रद्द और कई का मार्ग बदला

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा अजमेर मंडल के अजमेर-पालनपुर रेलखंड पर फालना-बिरोलिया स्टेशनों के मध्य स्थित ब्रिज संख्या 658 पर आरसीसी बॉक्स लॉन्चिंग कार्य किया जाएगा। इस कार्य के लिए रेलवे प्रशासन द्वारा ब्लॉक लिया जा रहा है, जिसके चलते इस मार्ग पर रेल यातायात प्रभावित रहेगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि निर्माण कार्य के कारण कुछ रेलसेवाएं रद्द रहेंगी जबकि कुछ ट्रेनों को मार्ग परिवर्तित कर संचालित किया जाएगा। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पूर्व संबंधित ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

रेलवे के अनुसार, जोधपुर-साबरमती रेलसेवा (गाड़ी संख्या 14821) दिनांक 30 अप्रैल 2026 एवं 01 मई 2026 को प्रारम्भिक स्टेशन से रद्द रहेगी। वहीं साबरमती-जोधपुर रेलसेवा (गाड़ी संख्या 14822) दिनांक 01 मई 2026 एवं 02 मई 2026 को रद्द रहेगी।

इसके अलावा कई ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव किया गया है। श्रीगंगानगर-बान्द्रा टर्मिनस रेलसेवा (गाड़ी संख्या 14701) जो दिनांक 30 अप्रैल 2026 को श्रीगंगानगर से प्रस्थान करेगी, उसे अजमेर-चित्तौड़गढ़-रतलाम-वडोदरा मार्ग से संचालित किया जाएगा। परिवर्तित मार्ग में यह ट्रेन भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, नीमच और मंदसौर स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

हनुमानगढ़-दादर रेलसेवा (गाड़ी संख्या 14707) जो दिनांक 01 मई 2026 को हनुमानगढ़ से प्रस्थान करेगी, उसे परिवर्तित मार्ग लूनी-भीलड़ी-महेसाना होकर चलाया जाएगा। इस दौरान ट्रेन समदड़ी, जालोर, मारवाड़ भीनमाल, भीलड़ी और पाटन स्टेशनों पर रुकेगी।

हडपसर-जोधपुर रेलसेवा (गाड़ी संख्या 20496) जो दिनांक 30 अप्रैल 2026 को हडपसर से प्रस्थान करेगी, उसे भी परिवर्तित मार्ग महेसाना-भीलड़ी-लूनी होकर संचालित किया जाएगा। इस मार्ग में ट्रेन पाटन, भीलड़ी, मारवाड़ भीनमाल, जालोर और समदड़ी स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

इसी तरह साबरमती-जम्मूतवी रेलसेवा (गाड़ी संख्या 19223) जो दिनांक 01 मई 2026 को साबरमती से रवाना होगी, उसे भी महेसाना-भीलड़ी-लूनी मार्ग से चलाया जाएगा। परिवर्तित मार्ग में ट्रेन पाटन, भीलड़ी, मारवाड़ भीनमाल, जालोर और समदड़ी स्टेशनों पर रुकेगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा की योजना बनाते समय परिवर्तित मार्ग और रद्द ट्रेनों की जानकारी रेलवे पूछताछ सेवा, वेबसाइट या संबंधित स्टेशन से प्राप्त कर लें ताकि असुविधा से बचा जा सके।