डोहरी में भीषण सड़क हादसा: बॉलरो व कार की टक्कर में कई घायल, मौके पर मचा हड़कंप

डोहरी में भीषण सड़क हादसा: बॉलरो व कार की टक्कर में कई घायल, मौके पर मचा हड़कंप

डॉक्टर ने किया प्राथमिक उपचार, घायलों को जिला अस्पताल भेजने की सलाह

चकिया, चंदौली। टेंगरा रोड से चकिया मार्ग पर ग्रामसभा डोहरी के पास बुधवार दोपहर लगभग तीन बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना में बॉलरो और हुंडई कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर क्षतिग्रस्त हो गए और उनके पुर्जे सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहनों की रफ्तार तेज थी, जिससे टक्कर के बाद दोनों गाड़ियों में सवार पुरुष और महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में स्थित राजकीय चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. बालमुकुंद प्रसाद मौके पर पहुंचे और सभी घायलों का तत्काल प्राथमिक उपचार किया। उन्होंने घायलों की स्थिति को देखते हुए परिजनों को सूचना देने के साथ-साथ गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को बेहतर इलाज के लिए नजदीकी जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी।

डॉ. बालमुकुंद प्रसाद ने स्थानीय लोगों से अपील की कि ऐसे हादसों में घायल व्यक्तियों की मदद के लिए आगे आएं और मानवता का परिचय दें। उन्होंने कहा कि समय पर इलाज मिलने से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। साथ ही उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में स्थानीय लोगों और प्रशासन के सहयोग से सामान्य किया गया। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।