झारखंड से बरेली ला रहे थे अफीम, पुलिस ने दो तस्करों को किया गिरफ्तार

बरेली के थाना सुभाषनगर पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने दोनों के कब्जे से 1।किलो 971 ग्राम अफीम और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी पुलिस को 21 जुलाई को सूचना मिली थी कि दो तस्कर बदायूं रोड से मिलक रोधी की ओर अफीम लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना सुभाषनगर पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान सर्वेश कुमार के पास से 967 ग्राम अफीम और एक मोबाइल फोन, जबकि रामवृक्ष कुमार के पास से 1004 ग्राम अफीम और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। कुल मिलाकर पुलिस ने 1 किलो 971 ग्राम अफीम बरामद की।झारखंड से लाकर बरेली में करते थे सप्लाई पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे झारखंड से अफीम लाकर बरेली और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करते थे। पुलिस के मुताबिक, बरामद अफीम भी बिक्री के उद्देश्य से लाई गई थी। दोनों आरोपियों के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज, नेटवर्क की जांच शुरू गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सर्वेश कुमार निवासी सिरौली और रामवृक्ष कुमार निवासी चतरा, झारखंड के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि अब यह पता लगाया जा रहा है कि अफीम की सप्लाई किन-किन लोगों तक की जाती थी और इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।