प्रयागराज-दादरी के बीच चलेगी ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन, 30-30 फेरे लगाएगी

प्रयागराज। गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने प्रयागराज-दादरी-प्रयागराज के बीच ग्रीष्मकाल विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 02417/02418 को दैनिक रूप से संचालित किया जाएगा, जिससे यात्रियों को यात्रा में बड़ी राहत मिलेगी।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 02417 प्रयागराज से 02 मई 2026 से 31 मई 2026 तक कुल 30 फेरे लगाएगी, जबकि गाड़ी संख्या 02418 दादरी से 03 मई 2026 से 01 जून 2026 तक कुल 30 फेरे चलेगी।

यह ट्रेन प्रयागराज से रात 8 बजे प्रस्थान कर सिराथू, फतेहपुर, गोविंदपुरी, फफूंद, इटावा, शिकोहाबाद, टुंडला, हाथरस, अलीगढ़ और खुर्जा होते हुए अगले दिन सुबह 7:15 बजे दादरी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन दादरी से रात 10:15 बजे चलकर उन्हीं स्टेशनों पर रुकते हुए सुबह 9 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि इस ग्रीष्मकाल विशेष ट्रेन में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे, जिसमें सामान्य, स्लीपर और एसी श्रेणी के कोच शामिल होंगे। रेलवे का कहना है कि इस ट्रेन के संचालन से गर्मी के दौरान यात्रियों को सुविधाजनक और सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा।