सलामती का 'पुष्प' गुच्छ: बोड़ा पुलिस ने हेलमेट पहनने वालों का किया अनूठा सम्मान

(संवाददाता -जगदीश सिंह सिसोदिया)

राजगढ़ (बोड़ा)। सड़क सुरक्षा केवल एक नियम नहीं, बल्कि जीवन बचाने का एक संकल्प है। इसी संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए राजगढ़ जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में बोड़ा थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह राजपूत द्वारा एक अनूठा और सकारात्मक नवाचार किया गया। जहाँ एक ओर नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी ओर यातायात नियमों का पालन करने वालों को 'गांधीगिरी' के अंदाज में सम्मानित किया जा रहा है।
सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत बोड़ा पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस का दो अलग-अलग चेहरा देखने को मिला:
बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उनके चालान काटे गए। इस अभियान की सबसे खास बात थाना प्रभारी का नवाचार रहा। जो चालक हेलमेट पहनकर वाहन चला रहे थे या जिन्होंने पुलिस की समझाइश के बाद तत्काल हेलमेट खरीदकर सुरक्षा का संकल्प लिया, थाना प्रभारी ने स्वयं हाथ जोड़कर और पुष्प माला पहनाकर उनका स्वागत किया।
अभियान के दौरान थाना प्रभारी ने आमजन को संदेश देते हुए कहा कि हेलमेट पहनना पुलिस के डर से नहीं, बल्कि स्वयं की सुरक्षा के लिए अनिवार्य होना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा:
"जब आप घर से बिना हेलमेट निकलते हैं, तो केवल अपनी जान जोखिम में नहीं डालते, बल्कि अपने पूरे परिवार की खुशियाँ दांव पर लगा देते हैं। एक हेलमेट आपकी सुरक्षा और आपके परिवार की रक्षा की सबसे बड़ी गारंटी है।"
आमतौर पर पुलिस चेकिंग को लोग डर या तनाव से जोड़कर देखते हैं, लेकिन बोड़ा पुलिस के इस 'सम्मान वाले नवाचार' ने जनता का दिल जीत लिया। पुष्प माला से सम्मानित हुए चालकों ने खुशी जाहिर करते हुए अन्य लोगों से भी हेलमेट लगाने की अपील की।