राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस पर उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान- राजगढ़ जिला जन संपर्क अधिकारी "लोक संपर्क सम्मान" से सम्मनित

राजगढ़। पब्लिक रिलेशंस सोसायटी ऑफ इंडिया (PRSI), भोपाल चैप्टर द्वारा राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस के अवसर पर एलएनसीटी यूनिवर्सिटी परिसर में विशेष व्याख्यान एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनसंपर्क, पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया।समारोह में जनसंपर्क विभाग के उप संचालक सुनील वर्मा, सहायक संचालक निहारिका मीना एवं हिमांशी बजाज को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए लोक संपर्क सम्मान से नवाजा गया। वहीं वरिष्ठ आंचलिक पत्रकार मुन्ना लाल मिश्रा तथा चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी मेरठ की रिसर्च एसोसिएट डॉ. बीनम यादव को भी सम्मानित किया गया।महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए पत्रकारिता एवं मीडिया क्षेत्र में सक्रिय 7 महिलाओं को अचला-उदिता अवार्ड प्रदान किया गया। इनमें योजना लाड़, निधि परमार, ऋषिता तोमर, कोपल बरखाने, साक्षी त्रिपाठी, राशि श्रीवास्तव एवं दीप्ति तोमर शामिल रहीं।कार्यक्रम में पीआरएसआई भोपाल चैप्टर के अध्यक्ष मनोज द्विवेदी ने सभी सम्मानित प्रतिभाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनका समर्पण जनसंपर्क क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रहा है। सचिव डॉ. पंकज मिश्रा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। समारोह में गणमान्य नागरिक, कॉर्पोरेट जगत, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।