महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने 10 रेलकर्मियों को किया पुरस्कृत, धर्मेन्द्र कुमार सिंह बने मार्च माह के सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे में संरक्षा के प्रति उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। दिनांक 28 अप्रैल 2026 को महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह ने प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी यतेन्द्र कुमार एवं विभागाध्यक्षों की उपस्थिति में प्रयागराज, झांसी एवं आगरा मंडलों से मार्च 2026 माह के लिए चयनित कुल 10 रेलकर्मियों को संरक्षा पुरस्कार प्रदान किए।

रेलवे प्रशासन के अनुसार इन कर्मचारियों ने ड्यूटी के दौरान सजगता और सतर्कता दिखाते हुए संरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण कार्य किए, जिससे रेल संचालन को सुरक्षित बनाए रखने में मदद मिली। इसी कारण इन्हें मार्च 2026 के लिए संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

पुरस्कार पाने वालों में चन्द्रभान (ट्रैक मेंटेनर-II, मनियां, आगरा मंडल), शुभम पाल (ट्रैक मेंटेनर-IV, जाजौ, आगरा मंडल), शिवलाल यादव (गेटमैन, चिरगांव, झांसी मंडल), अभय शंकर (संरक्षा सलाहकार, टेलीकॉम, उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय), सुभाष चन्द्र (स्टेशन मास्टर, शिकोहाबाद, प्रयागराज मंडल), जय कुमार यादव (ट्रेन मैनेजर, चुनार, प्रयागराज मंडल), अरमान अली (प्वाइंट्समैन, इटावा, प्रयागराज मंडल), सुमित कुमार शर्मा (प्वाइंट्समैन, अघोरीखास, प्रयागराज मंडल), मनीष कुमार (प्वाइंट्समैन, डभौरा, प्रयागराज मंडल) तथा धर्मेन्द्र कुमार सिंह (प्वाइंट्समैन, कर्मा, प्रयागराज मंडल) शामिल रहे।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि धर्मेन्द्र कुमार सिंह को मार्च 2026 माह के सर्वश्रेष्ठ रेलकर्मी के रूप में चयनित करते हुए विशेष संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने कहा कि रेल संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और कर्मचारियों की सतर्कता व जिम्मेदारी ही सुरक्षित रेल संचालन की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसे पुरस्कार अन्य कर्मचारियों को भी प्रेरित करेंगे और वे और अधिक सजगता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।