गर्मी में बढ़ा आग का खतरा, सतर्क रहें नागरिक: जीवन की सुरक्षा सर्वोपरी – CFO मुकेश कुमार

अलीगढ़। भीषण गर्मी के साथ जिले में आग लगने की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। इसको लेकर मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार ने नागरिकों से सतर्क रहने और आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही बड़े हादसे में बदल सकती है, इसलिए समय रहते सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि गर्मी के मौसम में बिजली के उपकरणों का अधिक उपयोग, ढीले तार और ओवरलोडिंग आग लगने के प्रमुख कारण बनते हैं। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि घरों, दुकानों और व्यवसायिक संस्थानों में बिजली की वायरिंग की नियमित जांच कराएं और खराब उपकरणों को तुरंत बदलें।

उन्होंने रसोई गैस (LPG) के उपयोग को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने की बात कही। CFO ने बताया कि गैस सिलेंडर को हमेशा सीधा रखें, रेगुलेटर बंद रखें और समय-समय पर लीकेज की जांच जरूर करते रहें। साथ ही उन्होंने कहा कि AC को बीच-बीच में रेस्ट देना जरूरी है, ताकि मशीन ओवरहीट न हो। गर्मी के मौसम में मशीनों और वाहनों के संचालन के दौरान भी विशेष सावधानी की आवश्यकता है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने नागरिकों को निर्देश दिए कि पेट्रोल, डीजल, कागज व अन्य ज्वलनशील पदार्थों को आग या गर्म स्थान से दूर रखें।

उन्होंने कहा कि आग लगने की स्थिति में घबराएं नहीं, तुरंत आसपास के लोगों को सूचित करें और फायर सर्विस के हेल्पलाइन नंबर 112 व 101 पर कॉल करें। यदि आग छोटी हो तो रेत, पानी या अग्निशमन यंत्र से उसे बुझाने का प्रयास किया जा सकता है, लेकिन बिजली की आग पर पानी का उपयोग बिल्कुल न करें।

धुएं से बचाव के लिए उन्होंने सलाह दी कि नीचे झुककर या रेंगते हुए बाहर निकलें और नाक पर गीला कपड़ा रखें। साथ ही आपात स्थिति में लिफ्ट का प्रयोग न करें, केवल सीढ़ियों से बाहर निकलें।

अंत में CFO मुकेश कुमार ने कहा कि हर घर और कार्यालय में अग्निशमन उपकरण होने से बड़ी अग्निदुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने बताया कि केवल उपकरण रखना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उसके संचालन की जानकारी होना भी जरूरी है। साथ ही उन्होंने कहा कि सीढ़ियों पर सामान न रखें और न ही ताला लगाएं, जिससे आपात स्थिति में लोगों के बाहर निकलने में परेशानी न हो।

उन्होंने सभी संस्थानों में समय-समय पर फायर ड्रिल कराने की अपील करते हुए कहा कि यह बड़े हादसों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।