जम्मू मंडल में यात्रियों की सुविधा को लेकर सीनियर डीसीएम उचित सिंघल अलर्ट, ठंडे पानी व रेल नीर की भरपूर व्यवस्था

जम्मू। जम्मू मंडल में बढ़ती गर्मी को देखते हुए यात्रियों की सुविधा एवं राहत के लिए उत्तर रेलवे जम्मू मंडल पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के निर्देशन में मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर ठंडे पेयजल और रेल नीर (Rail Neer) की व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है, ताकि यात्रियों को गर्मी के मौसम में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

रेल प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया है कि मंडल के प्रमुख एवं छोटे सभी स्टेशनों पर रेल नीर पानी और ठंडा पेयजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहे। इसके साथ ही स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों को लगातार स्वच्छ और ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिल रही है।

सीनियर डीसीएम उचित सिंघल ने बताया कि यात्रियों की सुविधा सर्वोपरि है और इसी को ध्यान में रखते हुए मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर वाणिज्य निरीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्टॉल पर पानी की बोतल पर ओवरचार्जिंग बिल्कुल नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि यदि किसी स्टॉल के खिलाफ ओवरचार्जिंग की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित स्टॉल संचालक के विरुद्ध कड़ी और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यात्रियों ने रेलवे द्वारा की गई इस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में स्टेशन पर ठंडा पानी और रेल नीर की उपलब्धता यात्रा को अधिक सुरक्षित और आरामदायक बनाती है। रेलवे की यह पहल यात्रियों को बेहतर सुविधा देने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।