यूकेजी की छात्रा से मारपीट, शिक्षिका पर लगे गंभीर आरोप; परिजनों ने दी तहरीर

फिरोजाबाद। थाना नारखी क्षेत्र के गांव मरसलगंज स्थित बोध कृष्णा जूनियर हाईस्कूल गंज गांगनी में यूकेजी में पढ़ने वाली मासूम छात्रा के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला शिक्षिका ने बच्ची को डंडे से पीटा, जिससे उसकी पीठ पर चोट के निशान पड़ गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यूकेजी की छात्रा भूमि कौर स्कूल में थोड़ी देर से पहुंची थी। इसी बात से नाराज शिक्षिका ने कथित रूप से उसे डंडे से पीट दिया। चोटिल अवस्था में रोती-बिलखती बच्ची जब घर पहुंची तो उसने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। बच्ची का कहना है कि उसकी कोई गलती नहीं थी, केवल देर से आने पर उसे सजा दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गुस्साए परिजन बच्ची को लेकर शिक्षिका के घर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि शिक्षिका घर पर ताला लगाकर फरार हो गई। इसके बाद पीड़ित परिवार ने थाना नारखी में महिला शिक्षिका के खिलाफ लिखित प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।