गोंदिया स्टेशन पर वॉशेबल एप्रन का बैलेस्टेड ट्रैक में रूपांतरण, 12 घंटे पहले पूरा

गोंदिया स्टेशन पर वॉशेबल एप्रन का बैलेस्टेड ट्रैक में रूपांतरण, 12 घंटे पहले पूरा

तेजी और गुणवत्ता का उदाहरण बना दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का ट्रैक सुधार कार्य

गोंदिया। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के मार्गदर्शन एवं सतत निगरानी में गोंदिया रेलवे स्टेशन पर वॉशेबल एप्रन को बैलेस्टेड ट्रैक में परिवर्तित करने का महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है।

यह कार्य नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के निर्देशन एवं बेहतर समन्वय के साथ संपन्न हुआ। रेलवे द्वारा इस कार्य के लिए निर्धारित 20 दिनों के ब्लॉक के विरुद्ध इसे 12 घंटे पूर्व ही पूरा कर लिया गया। कार्य पूर्ण होने के बाद ट्रैक की फिटनेस प्रदान करते हुए ब्लॉक को निरस्त कर दिया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि उत्कृष्ट योजना, तकनीकी दक्षता, त्वरित निर्णय क्षमता और कर्मचारियों की मेहनत का परिणाम है। उल्लेखनीय है कि यह कार्य बीते चार वर्षों से लंबित था और संबंधित ट्रैक की स्थिति अत्यंत जर्जर व असुरक्षित हो चुकी थी, जिससे ट्रेन संचालन में जोखिम बना हुआ था।

अब बैलेस्टेड ट्रैक के चालू हो जाने के बाद ट्रैक की सुरक्षा और स्थिरता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। इसके साथ ही वर्तमान गति सीमा 20 किमी/घंटा से बढ़ाकर 30 किमी/घंटा किए जाने का मार्ग भी प्रशस्त हुआ है, जिससे ट्रेन संचालन अधिक सुरक्षित, सुचारु और प्रभावी होगा।

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने समय से पहले कार्य पूर्ण करने पर संबंधित विभागों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। वहीं मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने इसे रेलवे संरक्षा एवं अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

इस कार्य के पूर्ण होने से यात्रियों को बेहतर सुविधा, सुरक्षित यात्रा और ट्रेनों की समयबद्धता में सुधार का लाभ मिलने की उम्मीद है।