मध्य रेल की बड़ी कार्रवाई: सिद्धेश्वर एक्सप्रेस में डकैती का प्रयास नाकाम, 9 महिलाएं गिरफ्तार

मुंबई। मध्य रेल के रेल सुरक्षा बल (RPF) ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेन संख्या 12115 सिद्धेश्वर एक्सप्रेस में डकैती के प्रयास को विफल कर दिया। इस मामले में आरपीएफ टीम ने 9 महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मध्य रेल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह घटना 22 अप्रैल 2026 की है। कुर्डुवाड़ी स्टेशन पर तैनात क्राइम प्रिवेंशन एंड डिटेक्शन स्क्वाड (CPDS) टीम के हेड कांस्टेबल शिवाजी मुंडे ने तीन महिलाओं को संदिग्ध स्थिति में घूमते हुए देखा। पूछताछ के दौरान संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर उन्हें स्टेशन छोड़ने की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

कुछ देर बाद वही महिलाएं 22108 लातूर एक्सप्रेस में चढ़ती हुई दिखाई दीं। इस पर कुर्डुवाड़ी टीम ने तुरंत सोलापुर टीम को सूचना दी और पूरे सेक्शन में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया।

जेउर स्टेशन से सिद्धेश्वर एक्सप्रेस में चढ़ीं महिलाएं

आरपीएफ के अनुसार संदिग्ध महिलाएं जेउर स्टेशन पर उतर गईं और वहां से डकैती की नीयत से 12115 सिद्धेश्वर एक्सप्रेस में सवार हुईं।

आरपीएफ टीम पहले से अलर्ट थी। सिद्धेश्वर एक्सप्रेस के एस्कॉर्टिंग स्टाफ हेड कांस्टेबल हरमेंद्र प्रसाद मीना और कांस्टेबल ब्रजेश यादव को लगातार संदेश देकर संदिग्धों की निगरानी कराई जा रही थी। यात्रियों और फोटो पहचान की मदद से सभी पर नजर रखी गई।

सोलापुर स्टेशन पर दबोचा गया पूरा गिरोह

जैसे ही ट्रेन सोलापुर स्टेशन पहुंची, वहां पहले से तैयार आरपीएफ टीम ने महिला कांस्टेबल सोनम पठान सहित अन्य कर्मियों के साथ कार्रवाई करते हुए सभी 9 महिला आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार महिलाओं की उम्र 18 से 40 वर्ष के बीच बताई गई है और वे धाराशिव जिले की रहने वाली हैं।

GRP को सौंपा गया मामला, BNS की धारा 310(4) में केस दर्ज

आरपीएफ ने सभी आरोपियों को जीआरपी/कुर्डुवाड़ी को सौंप दिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 310(4) (डकैती की तैयारी) के तहत अपराध संख्या 26/2026 दर्ज किया गया है।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी समीक्षा की जा रही है।

आरपीएफ ने बताया कि गिरोह से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी पुणे मंडल के साथ भी साझा की गई है, क्योंकि यह गिरोह सोलापुर और पुणे दोनों मंडलों में सक्रिय बताया जा रहा है।

यात्रियों से सतर्क रहने की अपील

मध्य रेल ने आरपीएफ के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए यात्रियों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे अधिकारियों को दें या सहायता के लिए रेल मदद नंबर 139 पर संपर्क करें।

डॉ. स्वप्नील निला, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, मध्य रेल