मध्य रेल का बड़ा ऐलान: मुंबई/पुणे से गोरखपुर के लिए 248 अतिरिक्त ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेनें

मध्य रेल का बड़ा ऐलान: मुंबई/पुणे से गोरखपुर के लिए 248 अतिरिक्त ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेनें

सीएसएमटी-गोरखपुर और पुणे-गोरखपुर रूट पर रोजाना चलेंगी ट्रेनें, 26 अप्रैल से शुरू होगी बुकिंग

मुंबई। गर्मियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मध्य रेल ने बड़ा फैसला लिया है। यात्रियों की सुविधा के लिए मध्य रेल मुंबई और पुणे से गोरखपुर के लिए कुल 248 अतिरिक्त ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनें विशेष शुल्क पर चलाएगा। यह ट्रेनें दो प्रमुख रूटों पर संचालित की जाएंगी, जिससे उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील निला ने बताया कि यह विशेष ट्रेनें सीएसएमटी-गोरखपुर-सीएसएमटी और पुणे-गोरखपुर-हडपसर रूट पर रोजाना चलेंगी।

पहले चरण में सीएसएमटी मुंबई-गोरखपुर-सीएसएमटी दैनिक ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनें कुल 124 सेवाएं संचालित की जाएंगी। इसके अंतर्गत ट्रेन संख्या 01079 दिनांक 15 मई 2026 से 15 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन रात 22:30 बजे सीएसएमटी से प्रस्थान करेगी और तीसरे दिन सुबह 10:00 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 01080 दिनांक 17 मई 2026 से 17 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन 14:30 बजे गोरखपुर से रवाना होगी और तीसरे दिन 00:40 बजे सीएसएमटी पहुंचेगी।

इन ट्रेनों का ठहराव दादर, ठाणे, कल्याण, नाशिक रोड, मनमाड, जलगांव, भुसावल, खंडवा, इटारसी, भोपाल, बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, उरई, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, गोंडा, बस्ती और खलीलाबाद स्टेशनों पर रहेगा। ट्रेन की संरचना में 1 एसी-2 टियर, 6 एसी-3 टियर, 9 स्लीपर, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी तथा 2 एसएलआर कोच शामिल होंगे।

दूसरे चरण में पुणे-गोरखपुर-हडपसर दैनिक ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनें कुल 124 सेवाएं संचालित की जाएंगी। ट्रेन संख्या 01415 दिनांक 15 मई 2026 से 15 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन सुबह 06:50 बजे पुणे से रवाना होगी और अगले दिन 16:00 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 01416 दिनांक 16 मई 2026 से 16 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन 17:30 बजे गोरखपुर से चलेगी और तीसरे दिन 03:15 बजे हडपसर पहुंचेगी।

इन ट्रेनों का ठहराव दौंड कॉर्ड केबिन, अहिल्यानगर, कोपरगांव, मनमाड, भुसावल, खंडवा, इटारसी, रानी कमलापति, बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, उरई, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, गोंडा और बस्ती स्टेशनों पर रहेगा। ट्रेन संरचना में 1 एसी-2 टियर, 5 एसी-3 टियर, 6 स्लीपर, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी और 2 एसएलआर कोच होंगे।

रेलवे ने बताया कि ट्रेन संख्या 01079 और 01415 के लिए विशेष शुल्क पर आरक्षण 26 अप्रैल 2026 से सभी कम्प्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों तथा आईआरसीटीसी वेबसाइट पर शुरू होगा। वहीं अनारक्षित कोचों के लिए टिकट यूटीएस सिस्टम के माध्यम से सामान्य शुल्क पर बुक किए जा सकेंगे। यात्रियों को टिकट बुकिंग के लिए रेलवन ऐप डाउनलोड करने की भी सलाह दी गई है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन के ठहराव एवं समय की विस्तृत जानकारी के लिए रेलवे पूछताछ वेबसाइट या एनटीईएस ऐप का उपयोग करें।