इज्जतनगर मंडल चिकित्सालय को मिलेगा IRFC का सहयोग, 51 लाख के अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध होंगे

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल स्थित मंडल रेलवे चिकित्सालय, इज्जतनगर में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शुक्रवार को इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉरपोरेशन (IRFC) और मंडल रेलवे चिकित्सालय, इज्जतनगर के बीच सहमति ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

इस अवसर पर रेलवे की ओर से अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यू.एस. नाग तथा IRFC की ओर से अपर महाप्रबंधक (वित्त) नव गोयल मौजूद रहे।

अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि इस MoU के अंतर्गत IRFC द्वारा मंडल चिकित्सालय को चार अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने हेतु वित्तीय सहयोग प्रदान किया जाएगा। इन उपकरणों में YAG Laser Machine (01), OT Tables (02) तथा ABS SD 3 in 1 Bestop Lipo Power PAL Machine with Accessories (01) शामिल हैं। इनकी कुल लागत 51,29,066 रुपये बताई गई है।

उन्होंने कहा कि इन उपकरणों की उपलब्धता से अस्पताल में मरीजों को बेहतर एवं आधुनिक उपचार सुविधा मिलेगी, साथ ही उपचार प्रक्रिया अधिक तेज और प्रभावी होगी।

वहीं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यू.एस. नाग ने इसे रेलवे कर्मचारियों और उनके आश्रितों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने IRFC का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से चिकित्सालय की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और आधुनिक तकनीक आधारित सेवाएं मरीजों को उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

रेलवे प्रशासन ने इस पहल को रेलवे के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने और गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने की दिशा में सराहनीय कदम बताया है।

संजीव शर्मा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, इज्जतनगर मंडल