रीवा-सीएसएमटी स्पेशल ट्रेन अब नियमित सेवा में बदली, नए नंबर से चलेगी सुपरफास्ट एक्सप्रेस

मुंबई। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मध्य रेलवे ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) और रीवा के बीच चल रही साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को नियमित रेलसेवा में बदलने का निर्णय लिया है। रेलवे ने बताया कि अब यह ट्रेन नए नंबर के साथ नियमित सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में संचालित होगी, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और संचालन व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित हो सकेगी।

मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल नीला के अनुसार वर्तमान में संचालित 02187/02188 रीवा?सीएसएमटी?रीवा वीकली स्पेशल ट्रेन को नियमित सेवा के रूप में परिवर्तित किया जा रहा है। इसके तहत ट्रेन संख्या 02187/02188 को बंद कर नई नियमित सेवाएं शुरू की जाएंगी।

रेलवे के अनुसार 02187 रीवा?सीएसएमटी स्पेशल ट्रेन को 23 अप्रैल 2026 से वापस ले लिया जाएगा और 02188 सीएसएमटी?रीवा स्पेशल ट्रेन 24 अप्रैल 2026 से बंद कर दी जाएगी। इनके स्थान पर ट्रेन संख्या 20153 सीएसएमटी?रीवा साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस 24 अप्रैल 2026 से सीएसएमटी से संचालित होगी, जबकि ट्रेन संख्या 20154 रीवा?सीएसएमटी साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस 23 अप्रैल 2026 से रीवा से चलेगी।

रेलवे ने बताया कि ट्रेन संख्या 20153 सीएसएमटी से प्रत्येक शुक्रवार दोपहर 1:30 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 9:45 बजे रीवा पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 20154 रीवा से प्रत्येक गुरुवार दोपहर 3:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 12:20 बजे सीएसएमटी पहुंचेगी।

यह ट्रेन दादर, कल्याण, नासिक रोड, मनमाड़, जलगांव, भुसावल, खंडवा, हरदा, इटारसी, पिपरिया, गाडरवाड़ा, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी, मैहर और सतना स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

रेलवे के अनुसार इस ट्रेन में एक फर्स्ट एसी, एक एसी-2 टियर, चार एसी-3 टियर, 12 स्लीपर कोच, चार जनरल सेकंड क्लास कोच और दो लगेज कम गार्ड ब्रेक वैन लगाए जाएंगे। रेलवे ने कहा कि स्पेशल ट्रेन को नियमित सेवा में बदलने से यात्रियों को टिकट बुकिंग में सुविधा होगी और रीवा व मुंबई के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को स्थायी और बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।