रेल सुरक्षा पर डीआरएम सख्त: लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस

रेल सुरक्षा पर डीआरएम सख्त: लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस

सभी विभागों की ऑनलाइन समीक्षा, सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में रेल सुरक्षा और संरक्षा को लेकर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनुराग त्रिपाठी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मंडल में रेल सुरक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सभी अधिकारी-कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

गुरुवार को डीआरएम की अध्यक्षता में ऑनलाइन समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें मंडल के सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी, सुपरवाइजर और कर्मचारी शामिल हुए। बैठक के दौरान वाणिज्य, स्टेशन, बिजली शक्ति एवं पर्यावरण, यांत्रिक, इंजीनियरिंग, सिग्नल एंड टेलीकॉम तथा कैरेज एंड वैगन विभागों की कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की गई।

डीआरएम ने रेल संचालन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने मौजूदा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर कमियों को चिन्हित करने और उन्हें तुरंत दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आगामी कार्ययोजना पर भी मंथन किया गया।

बैठक में डीआरएम ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय को आवश्यक बताते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के लिए सभी विभागों का तालमेल मजबूत होना चाहिए।

डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने दोहराया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसे किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नियमित मॉनिटरिंग के जरिए व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाया जाए तथा सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।