अजमेर मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक सम्पन्न

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक मंडल कार्यालय, अजमेर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक एवं समिति अध्यक्ष राजू भूतड़ा ने की। इस बैठक में अजमेर मंडल के भौगोलिक क्षेत्र से संबंधित विभिन्न व्यापारिक एवं यात्री संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि तथा रेल मंत्रालय द्वारा नामित समिति सदस्य शामिल हुए।

बैठक के प्रारंभ में समिति के सचिव एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने सभी सदस्यों का स्वागत किया। इसके पश्चात अध्यक्ष एवं मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने अपने संबोधन में मंडल में चल रही विशेष एवं वाणिज्यिक गतिविधियों तथा उपलब्धियों की जानकारी दी।

बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने मंडल प्रशासन द्वारा यात्री सुविधाओं के विस्तार हेतु किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव एवं मांगें रखीं। इनमें यात्री यातायात को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशनों पर ठहराव एवं विस्तार, नई ट्रेनों का संचालन, उपलब्ध रेल सेवाओं में वृद्धि, कोचों की संख्या बढ़ाने, लिफ्ट एवं एस्केलेटर की सुविधा, टिकट वेंडिंग मशीनों की संख्या बढ़ाने, आरओबी एवं आरयूबी निर्माण, प्लेटफॉर्म शेल्टर का विस्तार, अतिरिक्त टिकट विंडो खोलने तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था जैसे विषय प्रमुख रहे। इन सभी मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

समिति अध्यक्ष एवं मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने सदस्यों को आश्वस्त किया कि बैठक में प्राप्त सुझावों पर गंभीरता से विचार कर उन्हें लागू करने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में मसुदा, ब्यावर, सुमेरपुर जवाई बांध, फालना, भीलवाड़ा एवं उदयपुर क्षेत्रों से समिति के कुल 8 सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में वीरेन्द्र सिंह विधायक, मसुदा,प्रकाश चोपड़ा (फालना),ओमप्रकाश पालीवाल (उदयपुर),श्याम अग्रवाल (सुमेरपुर जवाई बांध),रतन सिंह मेहता (ब्यावर),प्रमोद कुमार झंवर (उदयपुर),पवन तालेसरा (उदयपुर) तथा राकेश कसेरा (भीलवाड़ा) सदस्य के रूप में उपस्थित रहे।

रेल प्रशासन की ओर से बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा, मंडल के समस्त शाखाधिकारी, सहायक वाणिज्य प्रबंधक राजकुमार स्वर्णकार एवं राजकुमार उधवानी सहित मंडल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

बैठक के समापन पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने सभी सदस्यों का बैठक में उपस्थित होने तथा रेल यात्रियों की सुविधाओं को लेकर हुई सार्थक चर्चा के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।