जोधपुर स्टेशन पर डीआरएम का औचक निरीक्षण, ग्रीष्मावकाश में सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश

जोधपुर स्टेशन पर डीआरएम का औचक निरीक्षण, ग्रीष्मावकाश में सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश

स्वच्छता, पेयजल और टिकटिंग व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर फोकस, व्यवस्थाओं के उन्नयन के निर्देश

जोधपुर। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए जोधपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनुराग त्रिपाठी ने मंगलवार को जोधपुर रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर और उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीआरएम ने निरीक्षण के दौरान पेयजल व्यवस्था, स्टेशन परिसर की स्वच्छता, प्रतीक्षालय, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था तथा टिकटिंग प्रणाली सहित सभी मूलभूत यात्री सुविधाओं का विस्तार से जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेनों का भी आकस्मिक निरीक्षण किया और यात्रियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने ऑनबोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस (ओबीएचएस) एवं क्लीन ट्रेन सिस्टम (सीटीएस) से जुड़े अधिकारियों और सुपरवाइजर्स के साथ चर्चा की। उन्होंने सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने, सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी करने तथा संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्राइमरी ट्रेन मेंटेनेंस को लेकर अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा।

डीआरएम ने सफाई कर्मचारियों को स्टेशन पर स्वच्छता के मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए, ताकि स्टेशन परिसर में उच्च स्तर की सफाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके अलावा डीआरएम ने स्टेशन पुनर्विकास परियोजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण विभाग के अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त कर समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों पर संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए जल्द सुधार सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।

डीआरएम ने स्पष्ट किया कि गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बढ़ती भीड़ को देखते हुए सभी कमियों को प्राथमिकता से दूर किया जाए और व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जाए।

डीआरएम कार्यालय में बैठक कर की समीक्षा

निरीक्षण के बाद डीआरएम ने कार्यालय सभागार में बैठक आयोजित कर यात्री सुविधाओं एवं सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में कैरेज एंड वैगन, पावर, ईएनएचएम तथा वाणिज्य विभाग के अधिकारियों एवं सुपरवाइजर्स के साथ विस्तृत चर्चा की गई। डीआरएम ने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने और यात्रियों को निर्बाध सुविधाएं देने के निर्देश दिए।

लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। रेलवे ने यात्रियों को भरोसा दिलाया कि ग्रीष्मावकाश के दौरान स्टेशन पर सभी व्यवस्थाएं मजबूत रखने के लिए निरंतर निरीक्षण और निगरानी जारी रहेगी।