सियालदह मंडल में सघन टिकट चेकिंग अभियान, 2129 यात्री पकड़े गए

कोलकाता। ईस्टर्न रेलवे के सियालदह मंडल द्वारा यात्रियों में अनुशासित यात्रा को बढ़ावा देने और रेल नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को सियालदह, बैरकपुर और दमदम स्टेशनों पर विशेष सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान बड़ी संख्या में बिना टिकट और बिना बुक किए सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को पकड़ा गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस व्यापक जांच अभियान में कुल 2129 यात्रियों को विभिन्न अनियमितताओं के लिए पकड़ा गया। इनमें से 1457 यात्री बिना वैध टिकट यात्रा करते पाए गए, जबकि 672 यात्री बिना बुक किए सामान के साथ सफर कर रहे थे। सभी दोषियों से रेलवे नियमों के अनुसार जुर्माना वसूला गया।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि यात्रियों विशेषकर युवाओं में जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना है। मंडल का मानना है कि वैध टिकट लेकर यात्रा करना केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि एक सभ्य और जिम्मेदार नागरिक होने का प्रतीक है।

सियालदह मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और ?Travel with Pride? के संदेश को अपनाएं। रेलवे ने स्पष्ट किया कि बिना टिकट यात्रा करने से न केवल आर्थिक नुकसान होता है, बल्कि पकड़े जाने पर शर्मिंदगी और दंड का सामना भी करना पड़ता है।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ईमानदार यात्रियों के हितों की रक्षा के लिए इस प्रकार के अचानक जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।