पूर्वी रेलवे ने 173वीं वर्षगांठ पर चलाया स्वच्छता जागरूकता अभियान

कोलकाता। भारतीय रेलवे की 173वीं वर्षगांठ के अवसर पर पूर्वी रेलवे (ईआर) ने पूरे जोन में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया। यह कार्यक्रम माहभर चले स्वच्छता जागरूकता अभियान के समापन चरण के रूप में आयोजित किया गया, जिसमें विशेष रूप से कोच और रेलवे ट्रैक की सफाई पर जोर दिया गया।

पूर्वी रेलवे के महाप्रबंधक मिलिंद डिओस्कर ने इस अवसर पर हावड़ा स्टेशन का दौरा कर यात्रियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने यात्रियों से फीडबैक लिया और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने यात्रियों को सलाह दी कि ट्रेन के अंदर और रेलवे ट्रैक पर कचरा न फेंकें तथा हमेशा डस्टबिन का उपयोग करें।

महाप्रबंधक ने यात्रियों को यह भी बताया कि कचरा सीट पर बैठे-बैठे ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग स्टाफ (OBHS) को भी दिया जा सकता है। साथ ही उन्होंने बायो-टॉयलेट में कचरा डालने से बचने और शौचालय उपयोग के बाद फ्लश करने की भी सलाह दी, ताकि सुविधा सभी के लिए उपयोगी बनी रहे।

अभियान में जोन के सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, आरपीएफ, सिविल डिफेंस तथा ईस्टर्न रेलवे भारत स्काउट्स एंड गाइड्स ने सक्रिय भूमिका निभाई। वरिष्ठ अधिकारियों ने हावड़ा, सियालदह, मालदा और आसनसोल सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

पूर्वी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझी ने कहा कि स्वच्छता एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिम्मेदारी है। उन्होंने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि रेलवे को स्वच्छ बनाए रखने में जनता की भागीदारी बेहद जरूरी है।