पर्यटकों और यात्रियों के लिए राहत, जम्मू राजधानी में जोड़ा जाएगा अतिरिक्त कोच

जम्मू। गर्मियों की छुट्टियों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने रेल यात्रियों को बड़ी राहत दी है। घर जाने वाले यात्रियों और जम्मू-कश्मीर घूमने आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए जम्मू राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12425/12426) में अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया गया है।

उत्तर रेलवे के अनुसार प्रीमियम ट्रेन संख्या 12426 में एक अतिरिक्त थर्ड एसी (3AC) कोच जोड़ा जाएगा। यह सुविधा 25 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक प्रभावी रहेगी। इससे प्रतिदिन दर्जनों यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने की संभावना बढ़ जाएगी और यात्रा अधिक आरामदायक होगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि छुट्टियों के मौसम में यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और उनकी यात्रा को सुगम बनाने के लिए यह अस्थायी व्यवस्था की गई है। साथ ही वेटिंग लिस्ट की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा सकें।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे टिकट बुकिंग के लिए IRCTC वेबसाइट या नजदीकी रेलवे टिकट काउंटरों का उपयोग करें।

राघवेंद्र सिंह, जनसंपर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल