हरदोई में अज्ञात वाहन की टक्कर से दंपति की मौत, तीन माह की मासूम शवों के पास रोती मिली, गंगा एक्सप्रेसवे सर्विस लेन पर हुआ दर्दनाक हादसा

हरदोई। पचदेवरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर सेढामऊ अंडरपास के निकट एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद उनकी तीन माह की मासूम बच्ची अपने माता-पिता के शवों के पास रोती-बिलखती मिली, जिसे देखकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक क्षतिग्रस्त बाइक, पास में पड़े दंपति के शव और उनके पास रो रही एक मासूम बच्ची को देखा। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पचदेवरा थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों के मुताबिक अज्ञात वाहन की टक्कर से सियाराम (22) पुत्र सुभाष और उनकी पत्नी नीलम (20), निवासी ग्राम गहवरा थाना पाली, की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि दंपति की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी और उनकी तीन माह की एक बेटी है।
परिजनों के अनुसार, सियाराम मूल रूप से थाना कलान, जनपद शाहजहांपुर के नथीनगला गांव का निवासी था, लेकिन वह अपनी ननिहाल ग्राम गहवरा में रह रहा था। दंपति एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। सियाराम तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था।
हादसे के बाद मासूम बच्ची सुरक्षित मिली, जिसे पुलिस ने परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।