हरदोई में भीषण आग लगने से दो घर जलकर खाक, नगदी समेत लाखों का सामान हुआ राख, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

हरदोई। पिहानी थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरवा किला में रविवार को अचानक लगी भीषण आग ने दो परिवारों की पूरी गृहस्थी को राख कर दिया। आग लगने से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
जानकारी के अनुसार, आग ने गांव निवासी रिजवान पुत्र मसरूर अली और इसहाक पुत्र मसरूर अली के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों मकानों में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर, जरूरी दस्तावेज, जेवर व नगदी सहित लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की लपटें इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक धुआं दिखाई दे रहा था। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। बाल्टी, पाइप और अन्य संसाधनों की मदद से घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
ग्रामीणों की सतर्कता से आग को आसपास के अन्य घरों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के समय परिवार के सदस्य किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे जनहानि नहीं हुई। हालांकि आर्थिक रूप से दोनों परिवारों को भारी नुकसान हुआ है और वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। ग्रामीणों द्वारा शॉर्ट सर्किट या चूल्हे से निकली चिंगारी को संभावित कारण बताया जा रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।