अलीगढ़ में अग्निशमन सेवा सप्ताह 2026 के तहत फायर मॉक ड्रिल, जनजागरूकता अभियान तेज

अलीगढ़ में अग्निशमन सेवा सप्ताह 2026 के तहत फायर मॉक ड्रिल, जनजागरूकता अभियान तेज

रोडवेज बस स्टैंड, इंडियन ऑयल, अस्पताल और पेट्रोल पंप पर किया गया प्रदर्शन

अलीगढ़। जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आग से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से अग्निशमन तथा आपात सेवा, अलीगढ़ द्वारा अग्निशमन सेवा सप्ताह 2026 के अंतर्गत जिलेभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रमों की श्रृंखला में 17 अप्रैल को विभिन्न स्थानों पर फायर मॉक ड्रिल एवं सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस महानिदेशक अग्निशमन तथा सेवा मुख्यालय उत्तर प्रदेश लखनऊ एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अलीगढ़ के निर्देशानुसार मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया।

अग्निशमन विभाग द्वारा बनवाडी बस स्टैंड (रोडवेज), अलीगढ़ में रोडवेज कर्मियों, यात्रियों तथा वहां मौजूद स्टाफ के साथ फायर मॉक ड्रिल आयोजित कर आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने पर घबराने के बजाय तत्काल सतर्कता बरतते हुए आग पर नियंत्रण, सुरक्षित निकासी एवं फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग की जानकारी बेहद जरूरी है।

इसके अलावा फायर मॉक ड्रिल का आयोजन इंडियन ऑयल डिपो अलीगढ़ में भी किया गया, जहां कर्मचारियों को आग से बचाव, आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया तथा सुरक्षा उपकरणों के प्रयोग का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान फायर सुरक्षा संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए।

इसी क्रम में श्रीराम अस्पताल, अलीगढ़ में अस्पताल स्टाफ के साथ फायर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। अस्पताल में संभावित आग की स्थिति में मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने, इमरजेंसी अलार्म प्रणाली के उपयोग और अग्निशमन यंत्रों के संचालन की जानकारी दी गई।

अग्निशमन विभाग की टीम द्वारा पेट्रोल पंप (अलीगढ़) पर भी कर्मचारियों के साथ मॉक ड्रिल कर ईंधन से संबंधित स्थानों पर आग की घटनाओं से बचाव और त्वरित नियंत्रण की प्रक्रिया समझाई गई।

कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन अधिकारियों ने लोगों को सलाह दी कि घरों और व्यावसायिक भवनों में विद्युत वायरिंग की नियमित जांच कराई जाए, ज्वलनशील पदार्थों का सुरक्षित भंडारण किया जाए, गैस सिलेंडर का प्रयोग सावधानीपूर्वक किया जाए और फायर सेफ्टी उपकरण हमेशा क्रियाशील स्थिति में रखें।

अग्निशमन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसी जागरूकता गतिविधियों का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि आपदा की स्थिति में त्वरित एवं सही प्रतिक्रिया विकसित करना है, जिससे किसी भी संभावित दुर्घटना में जनहानि और संपत्ति नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।

अग्निशमन सेवा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे इन कार्यक्रमों की स्थानीय नागरिकों एवं संबंधित संस्थानों द्वारा सराहना की गई। विभाग द्वारा आगामी दिनों में भी विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने की बात कही गई है।