अलीगढ़ में स्कूल-कॉलेजों का फायर ऑडिट, अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच

अलीगढ़। शनिवार को डीजी फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज लखनऊ एवं एसएसपी अलीगढ़ के आदेशानुसार तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार के निर्देशन में स्कीम संख्या-02 के अंतर्गत जिले में संचालित स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग सेंटरों में अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुरूप चेकिंग अभियान चलाया गया।

इस दौरान टीम द्वारा संस्थानों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं और आपातकालीन निकास मार्गों का निरीक्षण किया गया। साथ ही फायर ऑडिट के माध्यम से अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग की ओर से आग से बचाव के लिए विस्तृत जानकारी देते हुए जनहित में अपील की गई कि सभी व्यावसायिक भवनों, अपार्टमेंट, अस्पताल एवं शिक्षण संस्थानों का निर्माण एवं संचालन स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही कराया जाए। घनी आबादी एवं संकरी गलियों में बिना मानकों के भवन निर्माण से बचने की सलाह दी गई।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी भवन में ज्वलनशील पदार्थों का अवैध भंडारण न किया जाए। प्रत्येक मंजिल पर कम से कम दो निकास द्वार (सीढ़ियां) अनिवार्य रूप से उपलब्ध हों तथा बड़े भवनों में कवर्ड एरिया के अनुसार निकास व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इसके अलावा भवनों में इंटीरियर व डेकोरेशन के लिए ज्वलनशील सामग्री का प्रयोग न करने, फायर सेफ्टी सिस्टम को तकनीकी रूप से सक्षम फर्म से स्थापित कराने तथा विद्युत वायरिंग और उपकरणों की गुणवत्ता ISI मानक के अनुरूप रखने पर विशेष जोर दिया गया।

अग्निशमन विभाग ने लोगों से अपील की कि आगामी गर्मी के मौसम में आग की घटनाओं से बचाव के लिए सभी सावधानियां अपनाएं और किसी भी आपात स्थिति में तय कार्ययोजना के अनुसार तत्परता से कार्य कर आग पर समय रहते काबू पाया जा सके।