हरदोई के कछौना थाने में दारोगा की दबंगई, गाली-गलौज और थप्पड़बाजी का वीडियो वायरल, अपमानित कर बुजुर्ग और युवक को थाने में बैठाया

हरदोई। जिले के कछौना थाना क्षेत्र से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में थाने के अंदर एक दारोगा द्वारा युवक को गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ मारते और एक बुजुर्ग को डांटते-फटकारते हुए ले जाते हुए देखा जा सकता है।
वायरल वीडियो के अनुसार, दारोगा ने दोनों को अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए चप्पल उतारकर अंदर बैठने के लिए कहा। इस दौरान युवक और बुजुर्ग असहाय नजर आ रहे हैं, जिससे पुलिस के मित्र पुलिस के दावे पर सवाल उठने लगे हैं।
घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि फरियादियों के साथ इस तरह का व्यवहार किया जाएगा, तो आम नागरिक न्याय के लिए थाने जाने से कतराएंगे।
यह वीडियो सामने आने के बाद कछौना पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, वीडियो की पुष्टि और पूरा मामला क्या है, इसे लेकर अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
मामले ने तूल पकड़ लिया है और लोगों द्वारा संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है। अब देखना होगा कि उच्च अधिकारी इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।
फिलहाल, वायरल वीडियो ने पुलिस के व्यवहार और अनुशासन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।