जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस मंगलवार से एलएचबी रैक से दौड़ेगी, यात्रियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

जोधपुर। यात्रियों को अधिक सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से रेलवे द्वारा ट्रेन संख्या 14813/14814 जोधपुर-भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस का संचालन अब आधुनिक सुविधाओं से युक्त एलएचबी रैक से किया जाएगा। यह नई व्यवस्था जोधपुर से 14 अप्रैल तथा भोपाल से 15 अप्रैल से लागू होगी।

रेलवे ने इस ट्रेन में यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए डिब्बों की संख्या भी बढ़ाकर 19 कर दी है। खास बात यह है कि ट्रेन में पहली बार 1 सेकंड एसी और 2 थ्री टायर एसी इकोनॉमी कोच भी जोड़े गए हैं, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा के साथ सीट उपलब्धता भी बढ़ेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि एलएचबी कोच लगने से यात्रियों को उच्च स्तरीय सुरक्षा, बेहतर राइड क्वालिटी और आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त डिब्बे जुड़ने से वेटिंग लिस्ट की समस्या में भी कमी आएगी और यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी।

एलएचबी कोच में यात्रियों को कम झटके, उन्नत ब्रेकिंग सिस्टम, बेहतर सुरक्षा मानक, साफ-सुथरे कोच, बेहतर वेंटिलेशन और आधुनिक शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। रेलवे के अनुसार यह ट्रेन पहले से ही यात्रियों में लोकप्रिय है और अब एलएचबी रैक से संचालन शुरू होने के बाद यह सफर और अधिक सुगम व आरामदायक हो जाएगा।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार ट्रेन में अब 1 सेकंड एसी, 2 थर्ड एसी इकोनॉमी, 3 थर्ड एसी, 7 स्लीपर, 4 जनरल, 1 लगेज ब्रेक वैन और 1 गार्ड कम जनरेटर वैन सहित कुल 19 कोच रहेंगे।