सियालदह मंडल का सघन टिकट जांच अभियान, दो दिनों में 608 मामले पकड़े, ₹1.37 लाख से अधिक की वसूली

कोलकाता। टिकट रहित यात्रा पर रोक लगाने और रेलवे राजस्व में वृद्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सियालदह मंडल ने 8 और 9 अप्रैल 2026 को दो दिवसीय विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। इस दौरान टिकट जांच कर्मियों की टीम ने बिना टिकट यात्रा और सामान संबंधी अनियमितताओं के कुल 608 मामलों का पता लगाया, जिससे रेलवे को कुल 1,37,494 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अभियान के पहले चरण में 8 अप्रैल को प्लासी?लालगोला खंड में जांच के दौरान 130 दंडनीय मामले तथा 159 सामान संबंधी उल्लंघन पकड़े गए। इस दिन कुल 50,025 रुपये की वसूली की गई।

वहीं 9 अप्रैल को बिधाननगर रोड स्टेशन पर उच्च-स्तरीय जांच के दौरान अभियान को और तेज किया गया। इस दौरान 282 अनियमित यात्रा के मामले और 37 सामान उल्लंघन के मामले पकड़े गए। इस एक दिन में कुल 87,469 रुपये की वसूली की गई।

सियालदह मंडल ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई टिकट रहित यात्रा की प्रवृत्ति को हतोत्साहित करने और यह सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है कि प्रत्येक यात्री वैध टिकट के साथ यात्रा करे। मंडल का कहना है कि नियमित जांच अभियानों के जरिए अनधिकृत यात्रा को रोकने के साथ-साथ यात्रियों में नियमों के पालन की संस्कृति विकसित की जा रही है।

सियालदह मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान वैध टिकट अवश्य रखें और सामान की उचित बुकिंग कराएं, ताकि सभी यात्रियों के लिए यात्रा सुगम और सुरक्षित बनी रहे।