जयपुर में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती समारोह धूमधाम से आयोजित, महाप्रबंधक अमिताभ रहे मुख्य अतिथि

जयपुर। भारत रत्न, संविधान शिल्पी एवं सामाजिक न्याय के प्रणेता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर ऑल इंडिया एससी/एसटी रेलवे एम्प्लाइज एसोसिएशन, उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल एवं मुख्यालय द्वारा भव्य समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 14 अप्रैल को अरावली सभागृह, गणपति नगर रेलवे कॉलोनी, जयपुर में धूमधाम और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।

समारोह में उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.एल. बैरवा ने की। वहीं मंडल रेल प्रबंधक रवि कुमार जैन तथा एसोसिएशन के जोनल अध्यक्ष टी.आर. मीना विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान पार्वती वर्मा एवं उनकी टीम द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। साथ ही महात्मा ज्योतिराव फुले एवं बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्ष पर आधारित एक प्रभावशाली नाटक भी मंचित किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

कलाकारों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रभावित होकर महाप्रबंधक अमिताभ ने 51 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की। इसके अलावा एसोसिएशन की जोनल कार्यकारिणी की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.एल. बैरवा ने भी कलाकारों के लिए 11-11 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की।

समारोह में प्रधान कार्यालय के सभी विभागाध्यक्षों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं जयपुर मंडल के शाखा अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में रेलकर्मी शामिल हुए। आयोजन में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लेकर बाबा साहेब के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।

इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों राम सिंह (राष्ट्रीय ऑडिटर व जोनल अतिरिक्त सचिव), विनोद कुमार मीना (जोनल कार्यकारी अध्यक्ष व मंडल सचिव), घासी राम नरेडिया (जोनल कोषाध्यक्ष), राम बाबूलाल गौतम (जोनल वरिष्ठ उपाध्यक्ष व मंडल अध्यक्ष), खेमराज मीना (मंडल कार्यकारी अध्यक्ष), रामूलाल बैरवा (मंडल कोषाध्यक्ष), भगवान सिंह (मुख्यालय शाखा सचिव), रामधन मीना (मुख्यालय शाखा कोषाध्यक्ष) सहित अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का साफा पहनाकर, शॉल, बुके एवं मोमेंटो भेंट कर भव्य स्वागत किया।

कार्यक्रम के समापन के बाद सभी के लिए भीम भोज का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 1500 लोगों ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।

समारोह में बाबा साहेब के विचारों और उनके संघर्षपूर्ण जीवन को याद करते हुए सामाजिक समानता और न्याय के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।