अहमदाबाद मंडल में डॉ. बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाई गई

अहमदाबाद। भारत रत्न डॉ. बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की 135वीं जन्मजयंती के अवसर पर पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल द्वारा 15 अप्रैल को मंडल कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने की।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारीगण, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधि तथा एससी/एसटी एवं ओबीसी एसोसिएशनों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने मोमबत्ती प्रज्वलित कर डॉ. अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने डॉ. अंबेडकर को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए भारतीय संविधान निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर की विचारधारा समानता, शिक्षा और मानव अधिकारों पर आधारित थी, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने यह भी कहा कि डॉ. अंबेडकर ने भारतीय समाज के विकास, सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण में जो अमूल्य योगदान दिया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों एवं समाज में डॉ. अंबेडकर के आदर्शों को आत्मसात करने और सामाजिक समरसता का संदेश प्रसारित करना रहा।