मुंबई व पुणे से चेन्नई, हैदराबाद, बनारस, संतरागाछी, बेंगलुरु व गाजीपुर के लिए चलेंगी 168 अतिरिक्त विशेष ट्रेनें

ग्रीष्मकालीन भीड़ को देखते हुए मध्य रेल का बड़ा फैसला

मुंबई व पुणे से चेन्नई, हैदराबाद, बनारस, संतरागाछी, बेंगलुरु व गाजीपुर के लिए चलेंगी 168 अतिरिक्त विशेष ट्रेनें

एलटीटी-बनारस मार्ग पर शिक्षक विशेष ट्रेन भी घोषित

मुंबई। गर्मी की छुट्टियों के दौरान रेल यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए मध्य रेल ने यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए 168 अतिरिक्त ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें मुंबई और पुणे से देश के प्रमुख शहरों चेन्नई, हैदराबाद, संतरागाछी, बनारस, बेंगलुरु तथा गाजीपुर सिटी के लिए चलाई जाएंगी। इस कदम से यात्रियों को आरक्षण उपलब्ध होने में सुविधा मिलेगी और भीड़ का दबाव कम होगा।

मध्य रेल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) ? बनारस मार्ग पर चलने वाली ट्रेन संख्या 01125/01126 को शिक्षक विशेष ट्रेन के रूप में संचालित किया जाएगा। ट्रेन संख्या 01125 एलटीटी से 06 मई 2026 को प्रस्थान करेगी, जबकि ट्रेन संख्या 01126 बनारस से 12 जून 2026 को रवाना होगी। रेलवे प्रशासन ने बताया कि इस विशेष ट्रेन का संचालन यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है।

चेन्नई और हैदराबाद के लिए साप्ताहिक विशेष ट्रेनें

ग्रीष्मकाल में दक्षिण भारत की ओर यात्रियों की भारी संख्या को देखते हुए मध्य रेल द्वारा सीएसएमटी-चेन्नई-सीएसएमटी के बीच 16 सेवाएं संचालित की जाएंगी। ट्रेन संख्या 01015 प्रत्येक रविवार को सीएसएमटी से रवाना होगी, वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 01016 प्रत्येक सोमवार को चेन्नई से चलेगी।

इसी प्रकार सीएसएमटी-हैदराबाद-सीएसएमटी के बीच 24 सेवाओं का संचालन किया जाएगा। ट्रेन संख्या 01011 गुरुवार को सीएसएमटी से तथा ट्रेन संख्या 01012 गुरुवार को ही हैदराबाद से रवाना होगी।

संतरागाछी के लिए भी विशेष ट्रेनें

पूर्वी भारत की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए मध्य रेल ने एलटीटी-संतरागाछी-एलटीटी के बीच भी विशेष ट्रेनों की घोषणा की है। ट्रेन संख्या 01041/01042 तथा 01127/01128 के माध्यम से कुल 8 सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इन ट्रेनों का ठहराव ठाणे, कल्याण, नाशिक रोड, भुसावल, नागपुर, रायपुर, बिलासपुर, राउरकेला, टाटानगर और खड़गपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा।

बनारस के लिए 40 द्विसाप्ताहिक सेवाएं

मध्य रेल ने एलटीटी से बनारस के लिए 40 द्विसाप्ताहिक विशेष सेवाओं की घोषणा की है। ट्रेन संख्या 01073 एलटीटी से प्रत्येक बुधवार और गुरुवार को चलेगी, जबकि ट्रेन संख्या 01074 बनारस से प्रत्येक शुक्रवार और शनिवार को रवाना होगी। इन ट्रेनों का ठहराव ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नाशिक रोड, भुसावल, खंडवा, इटारसी, झांसी, गोविंदपुरी, फतेहपुर और सूबेदारगंज जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रहेगा।

बेंगलुरु के लिए 26 विशेष ट्रेन सेवाएं

दक्षिण की ओर यात्रियों की सुविधा के लिए एलटीटी-एसएमवीटी बेंगलुरु-एलटीटी के बीच भी 26 साप्ताहिक विशेष सेवाएं चलाई जाएंगी। ट्रेन संख्या 01013 रविवार को एलटीटी से तथा ट्रेन संख्या 01014 सोमवार को बेंगलुरु से प्रस्थान करेगी।

पुणे से संतरागाछी और गाजीपुर के लिए भी राहत

मध्य रेल ने पुणे से भी यात्रियों के लिए विशेष ट्रेनें घोषित की हैं। पुणे-संतरागाछी-पुणे मार्ग पर दो अलग-अलग श्रृंखलाओं में कुल 8 सेवाएं चलाई जाएंगी। इसके साथ ही पुणे-गाजीपुर सिटी-हडपसर के बीच 44 द्विसाप्ताहिक विशेष सेवाओं का संचालन किया जाएगा, जिससे उत्तर प्रदेश व बिहार की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

आरक्षण की जानकारी

रेलवे के अनुसार कुछ ट्रेनों के लिए बुकिंग शुरू हो चुकी है, जबकि अन्य ट्रेनों के लिए 15 अप्रैल 2026 से आरक्षण आरंभ होगा। टिकटों की बुकिंग सभी कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों तथा IRCTC वेबसाइट के माध्यम से की जा सकती है। अनारक्षित डिब्बों के टिकट यूटीएस सिस्टम के माध्यम से सामान्य किराये पर उपलब्ध रहेंगे। यात्री टिकट बुकिंग के लिए RailOne ऐप का भी उपयोग कर सकते हैं।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन के समय, ठहराव तथा अन्य विस्तृत जानकारी के लिए रेलवे की वेबसाइट enquiry.indianrail.gov.in अथवा NTES ऐप पर जानकारी प्राप्त करें।

डॉ. स्वप्नील निला, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी,मध्य रेल