जैसलमेर कोचिंग डिपो का डीआरएम ने किया गहन निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश

जैसलमेर कोचिंग डिपो का डीआरएम ने किया गहन निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश

बोले- यात्री सुविधा और सुरक्षित रेल संचालन में कोताही बर्दाश्त नहीं

मेंटेनेंस कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप करने के निर्देश

डीआरएम का जैसलमेर दौरा

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनुराग त्रिपाठी ने सोमवार को जैसलमेर रेलवे स्टेशन स्थित कोचिंग डिपो का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डिपो में उपलब्ध व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेते हुए पिट लाइन, सिक लाइन, स्टेबलिंग लाइन, ट्रिप शेड तथा ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) से जुड़े कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया।

डीआरएम ने पिट लाइन एवं सिक लाइन पर कोचों के अनुरक्षण, मरम्मत, साफ-सफाई तथा सुरक्षा मानकों की स्थिति का निरीक्षण किया और मौके पर उपस्थित कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेंटेनेंस कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा कार्यों की गुणवत्ता हर हाल में सुनिश्चित की जाए।

इसके बाद डीआरएम ने स्टेबलिंग लाइन एवं ट्रिप शेड में खड़े रैक की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने रैक के अनुरक्षण स्तर, फिटनेस एवं उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी रैक मानक अनुरूप एवं सुरक्षित स्थिति में रखे जाएं, ताकि रेल संचालन प्रभावित न हो।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने ओएचई से जुड़े लंबित कार्यों की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में प्राथमिकता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि ट्रेनों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए।

डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अनुरक्षण कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि रेल सेवाएं अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय बन सकें।

स्वच्छता और संरक्षा पर खास जोर

डीआरएम ने स्वच्छता एवं संरक्षा को लेकर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि आवश्यक सुधारात्मक कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएं। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाए।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के शाखा अधिकारी, सुपरवाइजर एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।