जयपुर-उदयपुर सिटी-जयपुर के बीच चल रही स्पेशल ट्रेन को अब नियमित सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया है

जयपुर। रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे ने जयपुर-उदयपुर सिटी-जयपुर के बीच चल रही स्पेशल ट्रेन को अब नियमित सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया है। यात्रियों की लगातार बढ़ती मांग और सुविधा को देखते हुए गाड़ी संख्या 09721/09722 जयपुर-उदयपुर सिटी-जयपुर स्पेशल रेलसेवा को नियमित करते हुए इसे 20993/20994 जयपुर-उदयपुर सिटी-जयपुर प्रतिदिन सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में चलाया जाएगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार यह नियमित रेलसेवा 15 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होगी। गाड़ी संख्या 20993 जयपुर-उदयपुर सिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्रतिदिन सुबह 06:10 बजे जयपुर से रवाना होकर दोपहर 13:30 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 20994 उदयपुर सिटी-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्रतिदिन 15:05 बजे उदयपुर सिटी से प्रस्थान कर रात 22:25 बजे जयपुर पहुंचेगी।

यह सुपरफास्ट ट्रेन मार्ग में कनकपुरा, फुलेरा, किशनगढ़, अजमेर, नसीराबाद, बिजयनगर, भीलवाड़ा, चंदेरिया, कपासन, मावली और राणाप्रतापनगर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी, जिससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।

रेलवे ने बताया कि इस ट्रेन में कुल 15 डिब्बे लगाए जाएंगे, जिनमें 2 थर्ड एसी, 2 वातानुकूलित कुर्सीयान (एसी चेयरकार), 3 शयनयान श्रेणी, 6 साधारण श्रेणी, इसके अलावा 1 पावरकार और 1 गार्ड डिब्बा शामिल रहेगा।

रेलवे के इस फैसले से जयपुर और उदयपुर के बीच प्रतिदिन यात्रा करने वाले यात्रियों को नियमित, तेज और सुविधाजनक सेवा मिलेगी। साथ ही इससे पर्यटन, व्यापार और स्थानीय आवागमन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।