गौशाला में पेयजल हेतु बोरिंग का होगा शुभ मुहूर्त, 16 अप्रैल को कार्यक्रम

खेरागढ़। ग्राम पंचायत डूंगरबाला द्वारा संचालित गौशाला में गायों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 16 अप्रैल को प्रातः 10 बजे बोरिंग (समर सेविल) का शुभ मुहूर्त किया जाएगा। यह गौशाला उत्तर प्रदेश और राजस्थान की सीमा पर स्थित है, जहां लंबे समय से पानी की व्यवस्था को लेकर प्रयास किए जा रहे थे।

ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार इस बोरिंग के शुरू होने से गौशाला में गायों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा, साथ ही हरे चारे की व्यवस्था भी बेहतर हो सकेगी। यह कार्य खेरागढ़ के ब्लॉक प्रमुख श्री अनिल सिकरवार के सहयोग से कराया जा रहा है, जिन्होंने गौ सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए यह पहल की है।

इस अवसर पर पूर्व विधायक खेरागढ़ श्री महेश गोयल सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहेगी। ग्राम पंचायत की ओर से आमजन से अपील की गई है कि वे इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें और कार्यक्रम में उपस्थित होकर गौ सेवा के इस प्रयास को सफल बनाएं।