असनारा गांव में एक ही रात पांच घरों में चोरी, लाखों के जेवरात और नकदी पार

आलापुर ( अम्बेडकर नगर) | जनपद के राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत असनारा गांव में बीती रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए एक साथ पांच घरों को निशाना बनाया। चोरों ने नकदी सहित लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी सुनील यादव पुत्र बखेड़ू के घर चोर पीछे की ओर लगे जंगले की ग्रिल उखाड़कर अंदर घुस गए और घर में रखी आलमारी व बक्सों को तोड़कर करीब 3500 रुपये नकद व पायल, मीना, माला, नथुनी, कील समेत अन्य जेवरात चोरी कर लिए।

इसी क्रम में दलित बस्ती निवासी रामप्रसाद पुत्र मोहन के घर भी चोर पीछे के रास्ते से दाखिल हुए और आराम से घर की अलमारियों एवं लॉकर को तोड़कर नकदी व लाखों रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर फरार हो गए।

चोरों ने सुरेन्द्र पुत्र रामलखन, हरीराम पुत्र मक्खन तथा राजेन्द्र पुत्र रामलखन के घरों को भी निशाना बनाते हुए बक्से और आलमारियां तोड़ दीं तथा सामान को तितर-बितर कर दिया।

बताया जाता है कि घटना के समय सभी पीड़ित अपने-अपने खेतों में गेहूं की कटाई करने गए हुए थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

सुबह जब परिजन घर लौटे तो सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की गई।

इस संबंध में थानाध्यक्ष अक्षय कुमार पटेल ने बताया कि घटना स्थल का निरीक्षण कर लिया गया है। पीड़ितों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है और उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।