वाहन ठगी का बड़ा खुलासा: रेलवे ठेके के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी

बैकुंठपुर। सरगुजा रेंज में संगठित अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज श्री दीपक कुमार झा के नेतृत्व में वाहन ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा किया गया है, जिसमें आरोपी लोगों को रेलवे ठेके में वाहन लगाने का झांसा देकर ठगी कर रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी विकास जायसवाल उर्फ विक्की जायसवाल कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा एवं मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय था। वह वाहन मालिकों को यह लालच देता था कि उनके ट्रैक्टर, कार (आर्टिका) और अन्य वाहनों को रेलवे के ठेके में लगाकर हर महीने ₹25,000 से ₹50,000 तक किराया दिलवाया जाएगा। इस प्रलोभन में आकर कई लोगों ने अपने नए वाहन आरोपी को सौंप दिए, जिन्हें वह बाद में अन्य स्थानों पर कम कीमत में बेच देता था। इसी मामले में थाना पटना में प्रार्थी संदीप साहू की शिकायत पर अपराध क्रमांक 94/2026 धारा 316, 317(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने प्रार्थी की कार (आर्टिका) क्रमांक CG 16 CN 3128 को ₹40,000 मासिक किराए के नाम पर लेकर अगस्तपुर निवासी समय लाल को बेच दिया था। पुलिस ने 12 अप्रैल 2026 को उक्त वाहन को समय लाल के कब्जे से जब्त कर लिया है।बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी विकास जायसवाल पहले से ही अन्य मामलों में न्यायिक अभिरक्षा में है, जबकि खरीदार समय लाल राजवाड़े को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के प्रलोभन या संदिग्ध प्रस्तावों से सावधान रहें और ऐसी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।