कोरिया में आपात स्वास्थ्य सेवा मजबूत: 108 संजीवनी एक्सप्रेस के तहत 5 नई एम्बुलेंस रवाना, दूरस्थ क्षेत्रों को मिलेगा त्वरित लाभ

बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। 108 संजीवनी एक्सप्रेस परियोजना के अंतर्गत जिले को 7 नई एम्बुलेंस प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 5 एम्बुलेंस को विधायक भइया लाल राजवाड़े एवं कलेक्टर चंदन त्रिपाठी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि नई एम्बुलेंसों के संचालन से मरीजों को त्वरित राहत मिलेगी और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक प्रभावी बनेंगी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना या गंभीर बीमारी की स्थिति में अब मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।जिले को मिली एम्बुलेंसों में एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) और बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) दोनों प्रकार की सुविधाएं शामिल हैं। इनमें 2 एम्बुलेंस एडवांस लाइफ सपोर्ट तथा 5 एम्बुलेंस बेसिक लाइफ सपोर्ट श्रेणी की हैं।जानकारी के अनुसार एम्बुलेंसों की तैनाती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़, पटना, सोनहत, जिला अस्पताल बैकुण्ठपुर (3 एम्बुलेंस) तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बचरापोड़ी में की गई है। इससे विशेष रूप से दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं का त्वरित लाभ मिलेगा।स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि 108 संजीवनी एक्सप्रेस सेवा के सुदृढ़ संचालन से जिले में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी, जिससे समय पर इलाज मिलना संभव होगा और मरीजों के जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।