बरेली-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस का कासगंज तक होगा विस्तार, 13 अप्रैल को उद्घाटन विशेष ट्रेन रवाना

बरेली। क्षेत्रीय जनता की मांग और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्रालय, भारत सरकार ने 14315/14316 बरेली-नई दिल्ली-बरेली इंटरसिटी एक्सप्रेस का मार्ग विस्तार कासगंज तक किए जाने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस फैसले से कासगंज, एटा और बदायूँ क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

इस मार्ग विस्तार के तहत 13 अप्रैल को 05303 बदायूँ-नई दिल्ली उद्घाटन विशेष ट्रेन का संचालन किया जाएगा। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा बदायूँ स्टेशन पर विशेष गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। समारोह में सांसद बदायूँ श्री आदित्य यादव, विधायक बदायूँ सदर महेश चंद्र गुप्ता, विधान परिषद सदस्य वागीश पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी। इसके साथ ही अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहेंगे।

ट्रेन का समय और ठहराव

उद्घाटन विशेष गाड़ी 05303 बदायूँ से दोपहर 12:00 बजे प्रस्थान करेगी और बरेली जंक्शन 13:15 बजे पहुंचेगी। इसके बाद यह ट्रेन भिटौरा, नगरिया सादात, रामपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, गजरौला, गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़, पिलखुआ, गाजियाबाद, साहिबाबाद, आनंद विहार, तिलक ब्रिज और शिवाजी ब्रिज होते हुए रात 20:00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

14 कोच के साथ चलेगी उद्घाटन विशेष ट्रेन

रेल प्रशासन के अनुसार इस ट्रेन में कुल 14 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें

2 एसएलआरडी कोच

4 सामान्य द्वितीय श्रेणी कोच

7 आरक्षित द्वितीय श्रेणी कुर्सीयान कोच

1 वातानुकूलित कुर्सीयान कोच शामिल होंगे।

यात्रियों को मिलेगा बड़ा फायदा

ट्रेन के कासगंज तक विस्तार से यात्रियों को बरेली होते हुए रामपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, हापुड़, गाजियाबाद और नई दिल्ली तक यात्रा के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही उत्तराखंड जाने वाले यात्रियों को मुरादाबाद मार्ग से विशेष लाभ होगा।

इसके अलावा इस क्षेत्र के कृषि और वन उत्पादों की दिल्ली व अन्य महानगरों तक पहुंच आसान होगी, जिससे किसानों की आमदनी बढ़ने की संभावना है। वहीं छात्रों को शिक्षा के बड़े केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा होगी और क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक व सांस्कृतिक विकास को नई गति मिलेगी।