रेल कर्मचारियों को मिला पर्यटन का तोहफा, 38 कर्मचारी भ्रमण पर रवाना

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने रेल कर्मचारियों के कल्याण और मनोरंजन की दिशा में एक सराहनीय पहल की है। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में कर्मचारी भ्रमण (पर्यटन) कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत इज्जतनगर मंडल के 38 रेल कर्मचारियों को दक्षिण भारत के प्रमुख पर्यटन एवं दर्शनीय स्थलों की सैर कराई जाएगी।

इसी क्रम में शनिवार को इज्जतनगर स्टेशन से वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह ने कर्मचारी भ्रमण दल को ट्रेन से रवाना किया। स्टाफ बेनिफिट फंड के अंतर्गत आयोजित यह भ्रमण कार्यक्रम 5 सितंबर से 17 सितंबर 2026 तक चलेगा।

इस दौरान रेल कर्मचारी बैंगलोर, मैसूर, ऊटी और कूर्ग सहित विभिन्न प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे। कर्मचारियों को प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ ऐतिहासिक और दर्शनीय स्थलों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।

काम की व्यस्तता के बीच मिलेगी सुकून की यात्रा

रेल कर्मचारियों की जिम्मेदारियां और ड्यूटी काफी व्यस्त रहती हैं। ऐसे में इस भ्रमण कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को नियमित कार्य एवं दायित्वों से कुछ समय निकालकर परिवार और सहकर्मियों के साथ सुखद वातावरण में पर्यटन का आनंद लेने का अवसर देना है। इससे कर्मचारियों को मानसिक ताजगी के साथ नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।

कर्मचारी कल्याण को प्राथमिकता

इज्जतनगर मंडल प्रशासन की ओर से कर्मचारियों के कल्याण, मनोरंजन और सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में समय-समय पर विभिन्न कर्मचारी हितैषी एवं कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

मंडल प्रशासन का मानना है कि कर्मचारियों को स्वस्थ, सकारात्मक और खुशनुमा वातावरण उपलब्ध कराने से उनमें नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होता है, जिसका सकारात्मक प्रभाव कार्यक्षमता पर भी पड़ता है। कर्मचारी भ्रमण कार्यक्रम इसी कर्मचारी हितैषी सोच की एक सुखद पहल है।