बाबा कोट शाह रहमतुल्लाह अलैह का सालाना उर्स आज अकीदत के साथ जुटेंगे जायरीन, सजेंगी इबादत और सूफियाना महफिलें

बिजनौर और अलीगढ़ के कलाकारों के बीच होगा कव्वाली का मुकाबला
रातभर गूंजेगी सूफियाना कलाम, क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चकिया। क्षेत्र के सिकंदरपुर स्थित बाबा कोट शाह रहमतुल्लाह अलैह की कोट पर रविवार की शाम सालाना उर्स मुबारक के मौके पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है, वहीं पूरे क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल देखने को मिलेगा।

उर्स के अवसर पर नौजवान रजा कमेटी की ओर से कव्वाली मुकाबले का खास आयोजन किया गया है, जिसमें बिजनौर के मशहूर कलाकार इंतजार साबरी और अलीगढ़ के गुलाम हबीब पेंटर अपनी शानदार प्रस्तुति देंगे।दोनों कलाकारों के बीच सूफियाना अंदाज में होने वाला यह मुकाबला कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेगा।कार्यक्रम का शुभारंभ रात्रि 8:00 बजे से होगा, जो देर रात तक चलेगा। आयोजकों के अनुसार, कव्वाली के जरिए सूफी संतों की शिक्षाओं और भाईचारे का संदेश दिया जाएगा, जिससे माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंग जाएगा।इस आयोजन को सफल बनाने में कमेटी के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। अध्यक्ष इरफान पठान, कोषाध्यक्ष सलाम पठान, महामंत्री अभय सिंह मौर्य, उपाध्यक्ष सिंबल पठान, सचिव मोहम्मद यूसुफ, डॉ. इरफान, उपकोषाध्यक्ष सरफराज, सूचना मंत्री लालू सलमानी सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

इसके साथ ही वरिष्ठ समाजसेवी सुनील यादव और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सत्य प्रकाश गुप्ता का भी विशेष सहयोग मिल रहा है, जिससे आयोजन को भव्य रूप दिया जा रहा है।आयोजकों ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम का आनंद लेने और उर्स में शिरकत करने की अपील की है। उम्मीद जताई जा रही है कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का भी संदेश देगा।