हरदोई में दोस्ती बनी जानलेवा, युवक की हत्या कर नदी में फेंका शव, तीन आरोपी गिरफ्तार

हरदोई। मंझिला थाना क्षेत्र में युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है।

जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 को पीड़िता संध्या सिंह पत्नी अशोक सिंह निवासी ग्राम आंझी, थाना मंझिला ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि 24 फरवरी 2026 को आशीष सिंह उर्फ हवलदार, धीरज सिंह और भंवर पाल सिंह उर्फ मुले सहित एक अन्य व्यक्ति उसके पुत्र अभय प्रताप को अपने साथ जनपद फर्रुखाबाद ले गए थे, जहां उसकी हत्या कर दी गई।

तहरीर के आधार पर थाना मंझिला में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नामजद तीनों आरोपियों आशीष सिंह, धीरज सिंह और भंवर पाल सिंह को मृतक के मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, मृतक अभय और आरोपियों के बीच मित्रता थी। मृतक की फुफेरी बहन का आरोपी धीरज के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसका अभय विरोध करता था। इसी रंजिश में आरोपियों ने साजिश रची।

घटना वाले दिन सभी आरोपी अभय को घुमाने के बहाने थाना राजेपुर, जनपद फर्रुखाबाद ले गए। वहां शराब पिलाने के बाद नशे की हालत में उसे रामगंगा नदी के पुल के नीचे ले जाकर डुबोकर हत्या कर दी।

एएसपी सर्किल शाहाबाद आलोक राज नारायण ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।