हरदोई में झाड़-फूंक के नाम पर किशोरी से मारपीट, चोटी पकड़कर की हैवानियत, वीडियो वायरल होने पर मचा हड़कंप

हरदोई। पचदेवरा थाना क्षेत्र के नई बस्ती गांव में झाड़-फूंक के नाम पर एक नाबालिग किशोरी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और लोगों में आक्रोश फैल गया है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र की एक महिला अपनी करीब 13 वर्षीय बेटी को 1 अप्रैल को झाड़-फूंक कराने के लिए गांव के पुजारी परमेश्वरदीन शर्मा के पास ले गई थी। आरोप है कि पुजारी ने महिला को अलग कर दिया और किशोरी के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान पुजारी के पुत्र संजेश और मंजेश ने भी कथित रूप से बच्ची को थप्पड़ और घूंसे मारे, जिससे वह घायल हो गई।
पीड़िता की मां के अनुसार, जब बच्ची ने शोर मचाया और वह मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद किशोरी को चोटें आईं, जिसका उपचार कराया गया।
मामला उस समय और गंभीर हो गया जब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में पुजारी किशोरी की चोटी पकड़कर मारपीट करता दिखाई दे रहा है और झाड़-फूंक के दौरान उसके गले पर धारदार हथियार रगड़ते हुए नजर आ रहा है।
मामले में एएसपी आलोक राज नारायण ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर 2 अप्रैल 2026 को आरोपी पुजारी और उसके दोनों पुत्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द ही आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।