प्रयागराज मंडल में यात्री सुविधाओं का बड़ा विस्तार, 2025-26 में कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान यात्री सुविधाओं के विकास एवं विस्तार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरिमोहन के निर्देशन में यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य स्वीकृत कर उन्हें सफलतापूर्वक धरातल पर उतारा गया है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार यात्रियों को बैठने की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर वर्ष 2025-26 के दौरान 430 स्टेनलेस स्टील बेंच तथा 112 कुशन युक्त स्टील बेंच स्थापित की गई हैं। यह कार्य पूर्व में स्वीकृत योजनाओं को पूर्ण करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

डिजिटल सेवाओं के विस्तार के तहत मंडल के 19 स्टेशनों पर 33 नई एटीवीएम मशीनें स्थापित की गई हैं। इनमें खागा, बिंदकी रोड और अछल्दा जैसे स्टेशनों पर पहली बार यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वर्तमान में प्रयागराज मंडल के 37 स्टेशनों पर कुल 156 एटीवीएम मशीनें कार्यरत हैं, जिससे यात्रियों को टिकट खरीदने में अधिक सुविधा मिल रही है।

स्वच्छता और जनसुविधाओं को बढ़ाने के लिए प्रयागराज जंक्शन, इटावा, टूंडला जंक्शन और अलीगढ़ जंक्शन पर एक-एक तथा गोविंदपुरी स्टेशन पर दो ?पे एंड यूज? टॉयलेट के संचालन एवं रखरखाव (O&M) कॉन्ट्रैक्ट शुरू किए गए हैं। इसके अतिरिक्त अलीगढ़ जंक्शन पर BOT मॉडल के अंतर्गत डीलक्स ?पे एंड यूज? टॉयलेट की सुविधा भी प्रारंभ की गई है।

खानपान सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 2/3 पर उत्तर मध्य रेलवे का पहला ?फ्रूट एंड जूस बार? शुरू किया गया है। इसके साथ ही 9 अन्य स्टेशनों पर 16 फ्रूट एंड जूस बार भी शुरू किए गए हैं। मंडल के 18 स्टेशनों पर 35 खानपान स्टॉल तथा 8 स्टेशनों पर 25 बहुउद्देशीय स्टॉल प्रारंभ किए गए हैं। इसके अलावा प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर एक नया रिफ्रेशमेंट रूम भी शुरू किया गया है।

यात्रियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए गोविंदपुरी, मिर्जापुर, प्रयागराज छिवकी, मानिकपुर, टूंडला एवं शिकोहाबाद सहित 5 स्टेशनों पर अनुबंध के तहत 5 वर्षों के लिए कुल 17 वाटर वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं। इसके साथ ही खानपान विक्रेताओं के पारंपरिक पहचान पत्रों को आधुनिक बनाते हुए अब QR कोड आधारित पहचान पत्र जारी किए जा रहे हैं।

महिला एवं शिशु यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्टेशनों पर बेबी फीडिंग पॉड की शुरुआत जून माह से की गई है। वहीं अलीगढ़ स्टेशन पर आधुनिक रेल कोच रेस्टोरेंट का उद्घाटन किया गया है, जो यात्रियों को विशेष भोजन अनुभव प्रदान कर रहा है। मिर्जापुर स्टेशन पर नया फूड प्लाजा भी प्रारंभ किया गया है।

चिकित्सा सुविधा के अंतर्गत प्रयागराज छिवकी, अलीगढ़ एवं कानपुर सेंट्रल में ?दवा-दोस्त? स्टॉल शुरू किए गए हैं, जबकि मिर्जापुर में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र की शुरुआत की गई है। मिर्जापुर स्टेशन पर यात्रियों के लिए पेड एसी वेटिंग हॉल भी प्रारंभ किया गया है।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि इन सभी प्रयासों के माध्यम से प्रयागराज मंडल यात्रियों को अधिक आधुनिक, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।

अमित कुमार सिंह जनसंपर्क अधिकारी, प्रयागराज मंडल