जम्मू-कश्मीर में बदलेगा मौसम का मिजाज, 16 अप्रैल तक बारिश व ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार

जम्मू। जम्मू-कश्मीर में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 10 से 16 अप्रैल तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। वहीं 10 अप्रैल को कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने बताया कि 11 और 12 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ देर शाम या रात के समय कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 13 और 14 अप्रैल को मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिलेगी। हालांकि 15 और 16 अप्रैल को फिर से बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक 17 अप्रैल से मौसम के पूरी तरह शुष्क होने की उम्मीद है। साथ ही आने वाले छह दिनों में दिन के तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। बीते दिन मौसम दिन में साफ रहा, लेकिन शाम होते ही कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। फिलहाल प्रदेश में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है।

तापमान की बात करें तो जम्मू में अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री और न्यूनतम 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि यहां 6.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। बनिहाल में अधिकतम 16.6 और न्यूनतम 6.6 डिग्री रहा। कटड़ा में अधिकतम तापमान 23.0 और न्यूनतम 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में अधिकतम 17.1 और न्यूनतम 7.0 डिग्री रहा। गुलमर्ग में बर्फबारी के साथ न्यूनतम तापमान माइनस 2.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा करते समय मौसम अपडेट पर नजर रखें, क्योंकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और बारिश से परेशानियां बढ़ सकती हैं।