ऐतिहासिक कदम: कटरा-बनिहाल के बाद अब कटरा-श्रीनगर के बीच विशेष ट्रेन सेवा शुरू

ऐतिहासिक कदम: कटरा-बनिहाल के बाद अब कटरा-श्रीनगर के बीच विशेष ट्रेन सेवा शुरू
भारी बारिश और NH-44 बाधित होने के चलते रेलवे ने यात्रियों को दी बड़ी राहत
जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए कटरा-बनिहाल के बीच विशेष ट्रेन संख्या 04689/04690 का सफल संचालन किया। इस विशेष ट्रेन सेवा के माध्यम से 1000 से अधिक यात्रियों ने अपनी यात्रा पूरी की, जिससे जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराई जा सकी।
रेलवे प्रशासन द्वारा यह विशेष ट्रेन सेवा भारी बारिश के कारण सड़क यातायात प्रभावित होने और राष्ट्रीय राजमार्ग NH-44 पर यातायात बाधित होने की स्थिति में यात्रियों को राहत देने के उद्देश्य से शुरू की गई। ट्रेन में स्थानीय यात्रियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में पर्यटकों ने भी उत्साहपूर्वक सफर किया और रेलवे की इस पहल की सराहना की।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, दुर्गम क्षेत्रों के बीच यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना इस संचालन का मुख्य उद्देश्य है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मांग और परिस्थितियों को देखते हुए इस ट्रेन सेवा के संचालन को आगे और बढ़ाया भी जा सकता है।
10 अप्रैल को भी कटरा-बनिहाल स्पेशल ट्रेन चलेगी
उत्तर रेलवे ने बताया कि 10 अप्रैल 2026 को भी श्री माता वैष्णो देवी कटरा-बनिहाल के बीच यह विशेष अनारक्षित ट्रेन संचालित की जाएगी।
11 से 15 अप्रैल तक कटरा-श्रीनगर के बीच चलेगी विशेष ट्रेन
विशेष ट्रेनों की श्रृंखला को जारी रखते हुए जम्मू मंडल ने घोषणा की है कि 11 अप्रैल से 15 अप्रैल के बीच ट्रेन संख्या 04679/04680 के माध्यम से श्री माता वैष्णो देवी कटरा से श्रीनगर के बीच विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। इस ट्रेन में आरक्षित और अनारक्षित दोनों प्रकार के यात्री यात्रा कर सकेंगे।
ट्रेन की समय सारिणी
ट्रेन संख्या 04679 (कटरा-श्रीनगर)
प्रस्थान: सुबह 10:10 बजे (श्री माता वैष्णो देवी कटरा)
आगमन: दोपहर 01:35 बजे (श्रीनगर)
ट्रेन संख्या 04680 (श्रीनगर-कटरा)
प्रस्थान: दोपहर 03:15 बजे (श्रीनगर)
आगमन: शाम 07:00 बजे (श्री माता वैष्णो देवी कटरा)
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में रियासी, संगलदान और बनिहाल स्टेशन पर ठहराव करेगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने दी जानकारी
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि लगातार भारी बारिश और भूस्खलन के कारण NH-44 पर सड़क यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। ऐसे में श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों की परेशानी को देखते हुए रेलवे ने यह विशेष ट्रेन सेवा शुरू की है।
उन्होंने कहा,
"हमारा मुख्य उद्देश्य फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का विकल्प प्रदान करना है। पहले ही दिन लगभग 1000 से अधिक यात्रियों ने यात्रा की और यात्रियों ने इस सेवा को खूब सराहा। इसी व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कटरा से श्रीनगर के बीच भी विशेष ट्रेन सेवा शुरू की गई है, जिसमें आरक्षित व अनारक्षित यात्री सफर कर सकते हैं।"
रेलवे ने यात्रियों से की अपील
उत्तर रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस विशेष ट्रेन सेवा का लाभ उठाएं और अपनी यात्रा को सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाएं।
राघवेंद्र सिंह जनसंपर्क निरीक्षक जम्मू मंडल