मां वैष्णो देवी में, खराब मौसम की वजह से हेलीकॉप्टर सेवा भी ठप

बारिश के बावजूद मां वैष्णो देवी यात्रा रही सामान्य, 23,500 श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण

कटड़ा। त्रिकुटा पर्वत क्षेत्र में बदलते मौसम के बीच श्री माता वैष्णो देवी की यात्रा बुधवार को सामान्य रूप से जारी रही। हालांकि, लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर सेवा दिनभर बाधित रही, जिससे ऑनलाइन बुकिंग कराने वाले श्रद्धालुओं को काफी निराशा का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी और बड़ी संख्या में यात्रियों ने पैदल यात्रा जारी रखी।

बुधवार शाम छह बजे तक लगभग 23,500 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कर आरएफआईडी कार्ड प्राप्त किए और भवन की ओर रवाना हुए। सुबह से दोपहर तक कटड़ा और त्रिकुटा पर्वत क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी होती रही। दोपहर बाद कुछ देर के लिए मौसम साफ हुआ, लेकिन शाम होते-होते फिर काले बादलों का जमावड़ा लग गया और बारिश की संभावना बनी रही।

खराब मौसम का सीधा असर हेलीकॉप्टर सेवा पर पड़ा। सुबह कुछ उड़ानों के बाद सेवा बाधित हो गई और पूरे दिन हेलीकॉप्टर उड़ानें नियमित रूप से संचालित नहीं हो सकीं। वहीं, बारिश के चलते हेलीकॉप्टर सवा बंद रही। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आद्कंवारी से भवन तक बैटरी कार सेवा को अस्थायी रूप से चलती रही।

श्राइन बोर्ड और प्रशासन की टीमों ने तत्परता दिखाते हुए। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और सुरक्षा व्यवस्था लगातार उपलब्ध रही, जिससे किसी बड़ी परेशानी की सूचना नहीं मिली।

मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना जताई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान मौसम को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।