उत्तर पश्चिम रेलवे का बड़ा मिशन: रेल परिचालन क्षमता होगी दोगुनी,20 नई पिट लाइनों का निर्माण तेज, ट्रेनों के रखरखाव में आएगी क्रांतिकारी मजबूती

उत्तर पश्चिम रेलवे का बड़ा मिशन: रेल परिचालन क्षमता होगी दोगुनी

20 नई पिट लाइनों का निर्माण तेज, ट्रेनों के रखरखाव में आएगी क्रांतिकारी मजबूती

उत्तर पश्चिम रेलवे अब अपनी रेल परिचालन क्षमता को दोगुना करने के लक्ष्य के साथ मिशन मोड में तेजी से काम कर रहा है। रेलवे प्रशासन ट्रेनों के रखरखाव (मेंटिनेंस) से जुड़ी अवसंरचना को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रहा है, ताकि अधिक ट्रेनों का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि रेलवे अपने ट्रेन मेंटिनेंस सिस्टम को आधुनिक और विस्तारित करने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि किसी भी ट्रेन का समय पर और सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के लिए उसका नियमित रखरखाव बेहद आवश्यक होता है, और इसी रखरखाव का सबसे अहम आधार होती हैं रेल पिट लाइनें।

22 से बढ़कर 42 होंगी पिट लाइनें

वर्तमान में उत्तर पश्चिम रेलवे के अधिकार क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर ट्रेनों के प्राइमरी मेंटिनेंस के लिए कुल 22 पिट लाइनें कार्यरत हैं। पिट लाइनें ट्रेनों की सफाई, तकनीकी जांच, ब्रेक सिस्टम परीक्षण, इंजन-कोच निरीक्षण और अन्य आवश्यक मेंटिनेंस कार्यों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती हैं।

रेलवे ने अब इस क्षमता को बढ़ाने के लिए 20 नई पिट लाइनों के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है। इस परियोजना को मिशन आधारित दृष्टिकोण के तहत क्रियान्वित किया जा रहा है, जिसमें कार्य की प्रगति की उच्च स्तर पर नियमित निगरानी की जा रही है।

इन स्थानों पर बन रही हैं नई पिट लाइनें

उत्तर पश्चिम रेलवे के अंतर्गत निम्न स्थानों पर नई पिट लाइनें विकसित की जा रही हैं?

मदार 1 पिट लाइन

उमरा 2 पिट लाइन

लालगढ़ 4 पिट लाइन

श्रीगंगानगर 2 पिट लाइन

हिसार 2 पिट लाइन

सूरतगढ़ 2 पिट लाइन

खातीपुरा 4 पिट लाइन

बाड़मेर 1 पिट लाइन

जैसलमेर 2 पिट लाइन

नई ट्रेनों के संचालन का रास्ता होगा आसान

रेलवे प्रशासन का मानना है कि इस बड़े विस्तार से ट्रेनों के रखरखाव की क्षमता लगभग दोगुनी हो जाएगी। इसके साथ ही उत्तर पश्चिम रेलवे की रेल संचालन क्षमता में भी बड़ा उछाल आएगा। इसका सीधा लाभ यात्रियों को मिलेगा, क्योंकि मेंटिनेंस क्षमता बढ़ने से नई रेल सेवाएं शुरू करने के अवसर बढ़ेंगे और मौजूदा ट्रेनों की समयबद्धता में भी सुधार होगा।

दीर्घकालिक योजना: 10 और पिट लाइनें प्रस्तावित

इतना ही नहीं, उत्तर पश्चिम रेलवे ने अपनी दीर्घकालिक अवसंरचना विकास रणनीति के तहत 10 अतिरिक्त पिट लाइनों के निर्माण की योजना भी तैयार की है। ये परियोजनाएं फिलहाल योजना निर्माण और स्वीकृति के विभिन्न चरणों में हैं।

रेल विकास से मिलेगा क्षेत्र को बड़ा लाभ

रेलवे का यह कदम न केवल परिचालन क्षमता और कार्यक्षमता को बढ़ाएगा, बल्कि उत्तर पश्चिम रेलवे क्षेत्र में रेल यातायात को नई गति देगा। इससे यात्रियों को बेहतर सेवाएं, अधिक ट्रेन विकल्प और सुरक्षित यात्रा सुविधा मिलेगी। साथ ही यह परियोजना क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी मजबूती प्रदान करेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे का यह मिशन आने वाले समय में रेलवे नेटवर्क को अधिक सक्षम बनाने की दिशा में एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।