श्रीगंगानगर में फिर मिली हेरोइन की खेप, BSF और IB की संयुक्त कार्रवाई

श्रीगंगानगर के श्रीकरणपुर में भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर क्षेत्र में आज दूसरे दिन भी हेरोइन की खेप बरामद हुई है। BSF ने अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर पर भारतीय क्षेत्र में तीन पैकेट में बंद करीब 2 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन से हेरोइन गिराए जाने का अंदेशा है जिसके बाद BSF, पुलिस और खुफिया एजेंसियों द्वारा सर्च अभियान चलाया जा रहा है। हेरोइन श्रीकरणपुर बॉर्डर क्षेत्र गांव 2FC मुकन की रोही में मिली है। श्रीकरणपुर पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई चल रही है।
बीते कल भी गांव 19ओ के बाग से 12 किलो 167 ग्राम हेरोइन सहित 4 तस्कर पकड़े गए थे, जिनकी पहचान पंजाब की तहसील जलालाबाद के गांव पंजेके निवासी अमनदीप सिंह पुत्र बूटा सिंह रायसिख, रावला के गांव 2 केएनडी निवासी विकास पुत्र राजेन्द्र मेघवाल, गजसिंहपुर के गांव लुहारा निवासी बलजीत सिंह पुत्र गुरलाभ सिंह व गजसिंहपुर के वार्ड नंबर 3 निवासी पवन कुमार पुत्र गणेशराम के रूप में हुई है। वहीं 2 आरोपी मौके से फरार हो गए थे। SP हरी शंकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी है कि हेरोइन को श्रीकरणपुर सेक्टर के 38H की रोही में गिराया गया था जिसे तस्करों ने 19ओ के एक किन्नू के बाग में छिपाया था जहां से इंटेलिजेंस ब्यूरो के हेड कान्सटेबल नवनीत मीणा के इनपुट पर पुलिस ने चारों तस्करों को हेरोइन की खेप के साथ दबोच लिया।