अलीगढ़ में फायर सीजन को लेकर अग्निसचेतकों की बैठक, फसलों में आग रोकने के दिए निर्देश

अलीगढ़। जनपद अलीगढ़ में फायर सीजन के दृष्टिगत फसलों में होने वाली आगजनी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए अग्निशमन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 05 अप्रैल को महानिदेशक अग्निशमन एवं आपात सेवा उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेशानुसार तथा एसएसपी अलीगढ़ के निर्देशन और मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार के पर्यवेक्षण में जिले के विभिन्न ब्लाकों के अग्निसचेतकों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अग्निसचेतकों को जनपद के सभी फायर स्टेशनों बन्ना देवी, तालानगरी, अतरौली, गभाना, खैर और इगलास पर बुलाया गया, जहां प्रभारी अग्निशमन अधिकारियों द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान अग्निसचेतकों को अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां अपनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही विशेष रूप से फसलों में आग लगने की सूचना मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थानीय संसाधनों की मदद से आग को प्रारंभिक स्तर पर नियंत्रित करने को कहा गया।

इसके अलावा अग्निसचेतकों को अपने क्षेत्र के जल स्रोतों की जानकारी अपडेट रखने के निर्देश दिए गए, ताकि जरूरत पड़ने पर फायर टैंकरों के लिए पानी की व्यवस्था समय पर हो सके। वहीं आपात स्थिति में त्वरित समन्वय के लिए पुलिस, विद्युत विभाग, लेखपाल और अन्य संबंधित विभागों के संपर्क नंबर अपने पास रखने के निर्देश भी दिए गए।

अग्निशमन विभाग ने बताया कि इस प्रकार की बैठकों का उद्देश्य जिले में आगजनी की घटनाओं को रोकना और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है।